विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के यात्रियों के लिए जरूरी खबर, आज से 15 ट्रेनें रद; विधायक सरयू राय ने की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

By Ch Rao Edited By: Mansi Kumari
Published: Sat, 19 Sep 2026 11:01 AM (IST)

रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 19 से 23 सितंबर तक आदित्यपुर और टाटानगर से चलने वाली 15 ट्रेनें रद ...और पढ़ें

15 ट्रेनें 19-23 सितंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रद।

15 ट्रेनें 19-23 सितंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रद।

HighLights

  1. 15 ट्रेनें 19-23 सितंबर तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य से रद।

  2. विधायक सरयू राय ने रेल मंत्री से यात्री सुविधा पर सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बीरराजपुर स्टेशन पर रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते 19 से 23 सितंबर तक 15 ट्रेनों के परिचालन को पूरी तरह रद कर दिया गया है। ये ट्रेनें आदित्यपुर व टाटानगर स्टेशन से खुलती है।

इस बदलाव ने दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। कई लोकल व एक्सप्रेस ट्रेनों के रद, शॉर्ट टर्मिनेट और मार्ग में बदलाव किए जाने के बीच जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाया है। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्रालय और चक्रधरपुर रेल मंडल को टैग कर आम यात्रियों की सुविधा पर ध्यान देने की मांग की है।

सरयू राय ने सवाल उठाया कि यदि किसी निजी कंपनी की रेलवे साइडिंग से जुड़े कार्य के कारण लगातार कई दिनों तक लोकल ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होता है तो रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी का समाधान कैसे होगा। उनका कहना है कि टाटानगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में कर्मचारी, श्रमिक, विद्यार्थी और छोटे कारोबारी लोकल ट्रेनों पर निर्भर हैं।

रेलवे के निर्धारित कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। हालांकि, लगातार चार दिनों तक सेवा प्रभावित रहने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। बस या निजी वाहन से यात्रा करने पर अतिरिक्त समय और खर्च वहन करना पड़ रहा है।

विधायक ने रेल मंत्री से यह भी सवाल किया कि रेलवे के विकास कार्यों के साथ दैनिक यात्रियों की सुविधा को किस तरह संतुलित किया जा रहा है। उनका यह भी कहना है कि लंबे समय तक परिचालन प्रभावित होने की स्थिति में यात्रियों को पहले से स्पष्ट सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराना जरूरी है।

ट्रेनों की समयबद्धता को लेकर सरयू राय पूर्व में भी टाटानगर स्टेशन पर धरना दे चुके हैं। अब लोकल ट्रेनों के परिचालन में बदलाव को लेकर उनके सवाल से चक्रधरपुर रेल मंडल में यात्री सुविधाओं का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।

इन 15 ट्रेनों का परिचालन रहेगा रद

  • ट्रेन नंबर 68085 टाटा-बरकाकाना मेमू : 19 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68086 बरकाकाना-टाटा मेमू : 20 से 23 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68055 आसनसोल-टाटा-आसनसोल मेमू : 20 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68013/68014 खड़गपुर-टाटा-खड़गपुर मेमू : 20 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68023/68024 जामदा-पुरी-जामदा मेमू : 20 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68036 हटिया-टाटा मेमू : 21 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 68035 आदित्यपुर-हटिया मेमू : 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 18601/18602 टाटा-हटिया-टाटा एक्सप्रेस : 20 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 18114 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस : 19 से 21 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 18113 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस : 20 से 22 सितंबर
  • ट्रेन नंबर 18019/18020 : जामदा-धनबाद-जामदा एक्सप्रेस : 22 सितंबर

चार ट्रेनों का परिचालन होगा शॉर्ट

ट्रेन नंबर 13301/13302 धनबाद-आद्रा-धनबाद एक्सप्रेस का 20 से 22 सितंबर तक आद्रा में ही शॉर्ट टर्मिनेशन और शॉर्ट ओरिजिनेशन होगा। यानी आद्रा-धनबाद के बीच इसका परिचालन रद रहेगा। इसी तरह ट्रेन नंबर 13512/13511 आसनसोल-आद्रा-आसनसोल एक्सप्रेस का 20 और 22 सितंबर को आद्रा में शॉर्ट टर्मिनेशन व शार्ट ओरिजिनेशन होगा। इन दोनों तिथियों में आद्रा-आसनसोल के बीच सेवा रद रहेगी। 

यह भी पढ़ें- Special Train: त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा, रांची से अजमेर के बीच जयपुर होते हुए चलेगी पूजा स्पेशल

यह भी पढ़ें- खाटूधाम श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर, रेवाड़ी-रींगस के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन; देखें पूरी लिस्ट