Ranji Trophy: शिखर का शतक और उत्कर्ष का अर्धशतक, लेकिन अंतिम सत्र में लड़खड़ाई झारखंड की पारी
रणजी ट्रॉफी मुकाबले के पहले दिन शिखर मोहन के शतक और उत्कर्ष सिंह के अर्धशतक से झारखंड ने मजबूत शुरुआत ...और पढ़ें

शिखर ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाते हुए 196 गेंदों में 18 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 143 रनों की शानदार पारी खेली।
HighLights
शिखर मोहन ने 143 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली।
उत्कर्ष सिंह ने 71 रनों का उपयोगी अर्धशतक बनाया।
केरल के स्पिनरों ने अंतिम सत्र में चार विकेट झटके।
जासं, जमशेदपुर। कीनन स्टेडियम की 22 गज की पिच पर लाल गेंद से खेले जा रहे रणजी मुकाबले के पहले दिन बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, लेकिन शाम ढलते-ढलते फिरकी गेंदबाजों का खौफनाक जाल भी नजर आया।
सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन की 143 रनों की आतिशी शतकीय पारी और उत्कर्ष सिंह के साथ हुई शतकीय साझेदारी के दम पर मजबूत स्थिति में दिख रहा मेजबान झारखंड अंतिम सत्र में अचानक लड़खड़ा गया।
शिखर का तूफान, उत्कर्ष का सधा साथ
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक झारखंड ने 90 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 289 रन बना लिए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड टीम की शुरुआत बेहद ठोस रही।
शिखर मोहन और शरणदीप सिंह ने पहले विकेट के लिए 87 रनों की उपयोगी साझेदारी की। अनुभवी जलज सक्सेना ने शरणदीप (33) को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद क्रीज पर आए उत्कर्ष सिंह ने शिखर के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने केरल के गेंदबाजों को पूरी तरह असहाय कर दिया।
शिखर ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाते हुए 196 गेंदों में 18 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 143 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, दूसरे छोर पर उत्कर्ष ने 147 गेंदों में 9 चौकों के सहारे 71 रनों की संयमित और उपयोगी पारी खेली।
दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 163 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। 70वें ओवर तक झारखंड का स्कोर मात्र एक विकेट पर 250 रन था।
29 रन के भीतर गिरे चार बड़े विकेट
मैच एक समय पूरी तरह झारखंड की पकड़ में लग रहा था, लेकिन चायकाल के बाद केरल के स्पिन आक्रमण ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया। ऑफ स्पिनर वैशाख चंद्रन ने शानदार फॉर्म में चल रहे शिखर को बोल्ड कर इस विशाल साझेदारी का अंत किया।
इसके तुरंत बाद जलज सक्सेना ने उत्कर्ष को सचिन बेबी के हाथों कैच आउट करा दिया। केरल को वापसी का मौका मिलते ही वैशाख ने आक्रामक गेंदबाजी करते हुए रोबिन मिंज (10) और कौनैन कुरैशी (10) को भी सस्ते में पवेलियन का रास्ता दिखा दिया।
विराट के कंधों पर दूसरे दिन का दारोमदार
देखते ही देखते महज 29 रनों के भीतर झारखंड के चार प्रमुख बल्लेबाज आउट हो गए। झटके लगने के बाद कप्तान विराट सिंह ने समझदारी दिखाते हुए क्रीज पर पैर जमाए।
स्टंप्स के समय कप्तान विराट सिंह 12 और आदित्य चंद्रेश सिंह 5 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं। केरल की ओर से गेंदबाजी में वैशाख चंद्रन ने 71 रन देकर तीन और जलज सक्सेना ने 80 रन देकर दो विकेट झटके।
पहले दिन का खेल पूरी तरह उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जहां अब दूसरे दिन की सुबह मुकाबले की अगली दिशा तय करेगी।
