रणजी ट्रॉफी: शिखर के अर्धशतक से झारखंड ने केरल पर बनाई मजबूत बढ़त, जमशेदपुर में चल रह रोमांचक मैच
जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी मुकाबले में झारखंड ने केरल के खिलाफ पहले दिन लंच तक 113/1 रन ...और पढ़ें

कीनन स्टेडियम में केरल के खिलाफ पहले दिन पहले सत्र में बनाए 113 रन।
HighLights
झारखंड ने केरल के खिलाफ पहले दिन 113/1 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन ने 58 रनों का अर्धशतक जड़ा।
कीनन स्टेडियम में झारखंड का प्रदर्शन रहा शानदार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के ऐतिहासिक कीनन स्टेडियम में लाल गेंद के रणजी घमासान का आगाज मेजबान झारखंड के शानदार दबदबे के साथ हुआ। शनिवार को एलीट ग्रुप-सी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी झारखंड की टीम ने सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन के दर्शनीय अर्धशतक के दम पर पहले दिन लंच तक एक विकेट पर 113 रन बनाकर मुकाबले पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है।
शिखर और शरणदीप की ठोस शुरुआत
कप्तान विराट सिंह का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का दांव पूरी तरह सटीक बैठा। सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन और शरणदीप सिंह ने केरल के शुरुआती तेज आक्रमण को बेहद सहजता से निष्प्रभावी किया। दोनों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन साधते हुए पहले विकेट के लिए 87 रनों की मजबूत नींव रखी।
शरणदीप ने 92 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। शानदार लय में दिख रहे शरणदीप को अनुभवी ऑफ स्पिनर जलज सक्सेना ने बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा।
शिखर का जलवा, उत्कर्ष का आक्रामक साथ
एक छोर पर डटे शिखर मोहन ने मैदान के चारों तरफ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने 85 गेंदों में छह चौकों की मदद से 58 रन ठोककर अपना अर्धशतक पूरा किया। तीसरे नंबर पर आए बाएं हाथ के बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह ने भी ढीली गेंदों पर प्रहार किया।
और 27 गेंदों में तीन चौकों के सहारे तेज 17 रन बना लिए हैं। लंच के समय दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 26 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है।
केरल के गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा
विष्णु विनोद की कप्तानी में मैदान पर उतरी केरल की टीम को पिच से कोई खास मदद नहीं मिली। एमडी निधीश और ईडन एपल टॉम की रफ्तार पर झारखंड के बल्लेबाजों ने आसानी से रन बटोरे। जलज सक्सेना केरल के इकलौते सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 11 ओवर में 31 रन देकर एक सफलता अर्जित की। पहले सत्र का खेल पूरी तरह मेजबान टीम के नाम रहा।
