विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुरुलिया के प्रसिद्ध मां काली मंदिर में चोरी, 40-50 लाख के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुआ चोर; CCTV भी था खराब

Published: Fri, 02 Oct 2026 12:54 PM (IST)

पुरुलिया के रघुनाथपुर स्थित मौतोड़ काली मंदिर में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई, जहां अज्ञात बदमाशों ने मां ...और पढ़ें

मौतोड़ काली मंदिर से 40-50 लाख के आभूषण चोरी। जागरण

मौतोड़ काली मंदिर से 40-50 लाख के आभूषण चोरी। जागरण

HighLights

  1. मौतोड़ काली मंदिर से 40-50 लाख के आभूषण चोरी।

  2. अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

संवाद सूत्र, पुरुलिया। पुरुलिया के रघुनाथपुर प्रखंड - 2 के मौतोड़ स्थित प्रसिद्ध जाग्रत मां बड़ी काली मंदिर में चोरी की घटना से शुक्रवार को इलाके में सनसनी फैल गई।

रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने मां काली के शरीर पर सजे सोने-चांदी के कई आभूषण चुराकर फरार हो गए। मां काली के मुख्य सेवायत पार्थ सारथी भट्टचार्य ने बताया कि लगभग 40 से 50 लाख रूपये की सोने की गहने चोरी हुआ है।

परंपरा के अनुसार, शुक्रवार तड़के सेवायत मां की प्रतिमा को स्नान कराने के लिए मंदिर पहुंचे थे। मुख्य प्रवेश द्वार का ताला टूटा देखकर उन्हें संदेह हुआ। अंदर जाकर देखा तो मां की प्रतिमा पर चढ़े कई कीमती आभूषण गायब थे। इसके बाद चोरी की खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय लोग मंदिर परिसर में जुट गए।

स्थानीय लोगों ने घटना पर रोष जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की। लोगों का कहना है कि प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर इस तरह की चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। रघुनाथपुर के एसडीपीओ रोहेद शेख और थाना प्रभारी अतनु सांतरा समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मंदिर और आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरे पिछले कई दिनों से खराब थे। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया होगा।

पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाके की जांच शुरू कर दी है। आसपास के चालू सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाश मंदिर में किस रास्ते से दाखिल हुए और चोरी के पीछे किसी गिरोह का हाथ है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें- खोए या चोरी हुए फोन हाथ में पाकर खिल उठे चेहरे, दिल्ली पुलिस ने 1600 से अधिक मोबाइल लौटाए

यह भी पढ़ें- अयोध्या में चढ़ावा चोरी से सबक, अब दान में मिले जेवरात की होगी शुद्धता जांच; श्रीकृष्ण जन्मस्थान का फैसला