अयोध्या में चढ़ावा चोरी से सबक, अब दान में मिले जेवरात की होगी शुद्धता जांच; श्रीकृष्ण जन्मस्थान का फैसला
श्रीकृष्ण जन्मस्थान अब दान में मिले सोने-चांदी के जेवरात की शुद्धता की जांच मौके पर ही वैज्ञानिक पद्धति से करेगा। ...और पढ़ें

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान।
HighLights
अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड टेस्टिंग मशीन का उपयोग किया जाएगा।
सीसीटीवी निगरानी में दान गणना, रिकॉर्ड छह माह तक सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालु दान में जो भी सोने-चांदी के जेवरात मिलेंगे, उसकी प्रबंधन मौके पर ही विज्ञानी पद्धति से जांच कराएगा। शुद्धता की जांच के बाद ही अब दान स्वीकार कर उसकी रसीद दी जाएगी। जांचने के लिए अत्याधुनिक कंप्यूटराइज्ड टेस्टिंग मशीन का उपयोग किया जाएगा। हर सामग्री का रिकार्ड भी जन्मस्थान में सुरक्षित रहेगा।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद अब श्रीकृष्ण जन्मस्थान में भी सतर्कता बरती जा रही है। यहां अब कंप्यूटराइज्ड मशीन से मौके पर ही दान किए गए जेवरात की जांच की जाएगी।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि मशीन के माध्यम से जेवरात की शुद्धता के साथ-साथ उसमें मौजूद विभिन्न धातुओं की मात्रा की भी सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि दान काउंटर पर प्राप्त जेवरात की जांच श्रद्धालु के सामने ही की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तैयार रिपोर्ट की एक प्रति दान रसीद के साथ दानदाता को दी जाएगी।
रिपोर्ट पर श्रद्धालु का हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर भी दर्ज होगा। इसकी दूसरी प्रति संस्थान के अभिलेख में सुरक्षित रखी जाएगी। इससे दानदाता के पास दिए गए जेवरात की शुद्धता का प्रमाण रहेगा और संस्थान के रिकार्ड में भी प्रत्येक दान सामग्री से संबंधित प्रमाणिक जानकारी सुरक्षित रहेगी।
उन्होंने बताया कि मशीन से जांच का एक फायदा यह होगा कि जेवरात को काटे या तोड़े बिना तथा उसके स्वरूप में किसी प्रकार का परिवर्तन किए बिना ही उसकी शुद्धता की जांच की जा सकेगी। इस व्यवस्था से जन्मस्थान में भी दान का रिकार्ड और रखरखाव का वर्गीकरण किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि हुंडी या दानपेटिका के माध्यम से प्राप्त होने वाले जेवरात का परीक्षण भी इसी प्रक्रिया के अनुसार दान गणना कक्ष में किया जाएगा। यह प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में और दान गणना के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी। गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के ट्रस्टी श्याम सुंदर चौधरी और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में टेस्टिंग मशीन का डेमो किया गया।
सीसीटीवी की छह माह सेव रहेगी रिकार्डिंग
अब दान गणना कक्ष में भी सतर्कता और बढ़ा दी गई है। अभी तक कक्ष में सात सीसीटीवी लगे थे, लेकिन अब आठ नए सीसीटीवी और लगा दिए गए हैं। यह सभी कैमरे एचडी है। इनकी गुणवत्ता भी ठीक है। संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि कक्ष में लगे सीसीटीवी की रिकार्डिंग भी छह माह तक सुरक्षित रहेगी। इसके लिए अलग से उपकरण लगाने के साथ ही कंट्रोल रूम की भी व्यवस्था की गई है।
