विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खोए या चोरी हुए फोन हाथ में पाकर खिल उठे चेहरे, दिल्ली पुलिस ने 1600 से अधिक मोबाइल लौटाए

Published: Fri, 02 Oct 2026 11:39 AM (IST)

दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत 1600 से अधिक गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने 1600 से अधिक मोबाइल लौटाए। AI जनरेटेड

दिल्ली पुलिस ने 1600 से अधिक मोबाइल लौटाए। AI जनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने 1600 से अधिक गुम मोबाइल फोन लौटाए।

  2. 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत CEIR पोर्टल से ट्रैकिंग की गई।

  3. वरिष्ठ नागरिकों को सहायता और साइबर जागरूकता पर बल दिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर दिल्ली पुलिस ने लोगों को खास उपहार दिया। दिल्ली पुलिस की रेलवे, मेट्रो और आईजीआई एयरपोर्ट इकाई ने ऑपरेशन विश्वास के तहत 1600 से अधिक गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक लोग अपने मोबाइल लेने पहुंचे। इनमें बड़ी संख्या वरिष्ठ नागरिकों की रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिवहन रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त राजनेश गुप्ता ने की।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन विश्वास के तहत मोबाइल फोन की तलाश में दूरसंचार विभाग के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआइआर) पोर्टल की मदद ली जाती है। गुम या चोरी हुए मोबाइल के आइएमईआइ नंबर को पोर्टल के माध्यम से ब्लॉक किया जाता है।

इसके बाद जब कोई व्यक्ति उस मोबाइल में नया सिम डालकर इस्तेमाल करता है तो पोर्टल पर अलर्ट मिलता है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस की टीमें मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करती हैं और सत्यापन के बाद मालिक को सौंप देती हैं।

तलाश में मदद करने की बात कही

वहीं, कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी गई। रेलवे स्टेशनों पर बुजुर्ग यात्रियों को सामान उठाने, उन्हें ट्रेन के कोच तक पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर लापता स्वजन की तलाश में मदद करने की बात कही गई।

वहीं, साइबर जागरूकता माह के पहले दिन लोगों को आनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने संदिग्ध फोन काल और संदेशों की जानकारी संचार साथी के चक्षु माध्यम से देने की अपील की। वित्तीय ठगी होने पर तत्काल 1930 पर फोन करने और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया।

एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने की सलाह

पुलिस ने लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अज्ञात एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने की भी सलाह दी। आरबीआई या बैंक खाते के विवरण के नाम पर भेजी जाने वाली जिप फाइलों से विशेष रूप से सावधान रहने को कहा गया, क्योंकि इनमें मालवेयर वाली फाइलें हो सकती हैं।

इनके डाउनलोड करने से कंप्यूटर और वॉट्सएप खाते हैक होने का खतरा रहता है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने दिल्ली पुलिस की टीम का आभार जताया।