Nikhar Sablok Murder Case: मास्टरमाइंड राघव के सोनारी स्थित ठिकानों पर सरायकेला और जमशेदपुर पुलिस की रेड
पुलिस ने चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित ठिकानों पर छापेमारी की।

24 अगस्त को चांडिल स्थित 10th माइलस्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
HighLights
सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई।
सबूत और दस्तावेज जुटाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई रेड।
जासं, जमशेदपुर। चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की।
मामले के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और ठिकानों पर सरायकेला-खरसावां तथा जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे सरायकेला, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर पुलिस की टीम राघव के सोनारी स्थित कार्यालय पहुंची।
कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए पुलिस ने राघव की पत्नी रूबी सिंह को मौके पर बुलाया। दोपहर लगभग 3:00 बजे उनके पहुंचने के बाद डीएसपी की मौजूदगी में दफ्तर से संबंधित कागजात और अन्य सामग्रियों की गहन जांच की गई।
उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त को चांडिल स्थित 10th माइलस्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस जांच में यूपी से बुलाए गए भाड़े के शूटरों और अशोक सिंह उर्फ राघव की मुख्य भूमिका उजागर हुई थी। इसके बाद पुलिस ने राघव समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले में शामिल एक फरार शूटर को हाल ही में धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था।
हत्याकांड के बाद से ही राघव से जुड़े इस पोर्टल कार्यालय में संदिग्ध सन्नाटा था। पुलिस का कहना है कि यह छापेमारी मामले से जुड़े अन्य सबूतों और दस्तावेजों को जुटाने के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
