विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी और तीन बच्चों की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, पुलिस ने खंगाली कॉल डिटेल; तांत्रिक से भी पूछताछ

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 11 Feb 2026 11:57 PM (IST)

मथुरा के खप्परपुर गांव में मनीष जाटव ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली ...और पढ़ें

मृतक परिवार के घर पर शोक व्यक्त करने को जुटीं महिलाएं।

मृतक परिवार के घर पर शोक व्यक्त करने को जुटीं महिलाएं।

जागरण संवाददाता, मथुरा। गांव खप्परपुर में पत्नी व तीन मासूम बच्चों की हत्या करके खुद करंट लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने तांत्रिक की काल डिटेल्स खंगाली। फोन के मैसेज चेक किए। 24 घंटे से अधिक पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

इसके बाद पुलिस ने बुधवार शाम चार बजे तांत्रिक को छोड़ दिया। मनीष ने किस वजह से इतना बढ़ा कदम उठाया है, पुलिस टीमें इसका पता लगाने में जुटी हुई हैं।

महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में सोमवार देर रात किसान मनीष जाटव ने अपनी पत्नी सीमा और तीन मासूम बच्चे, हनी, प्रियांशी और पंकज की हत्या करने के बाद खुद करंट लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया था।

पुलिस की छह थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू की। इसमें सामने आया है कि मनीष पड़ोसी गांव स्थित हवेली में दुर्गा मंदिर के तांत्रिक मनीष के संपर्क में था।

उसका मंगलवार और शनिवार को मंदिर में आना-जाना था और वह तंत्र-मंत्र भी करता था। इसके बाद पुलिस ने मंदिर के तांत्रिक मनीष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने तांत्रिक की काॅल डिटेल्स निकलवाई, लेकिन इसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

फोन के मैसेज चेक किए गए। इसमें भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला। 24 घंटे से अधिक उससे पूछताछ की गई। तांत्रिक ने पुलिस को बताया कि मृतक मनीष को कुछ माह पूर्व टाइफाइड हो गया था। उसने कुछ दिन तक रिश्तेदारों की दवा खा ली। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।

इसके बाद उसने झोलाछाप से भी इलाज कराया। झोलछाप ने उसे ड्रिप लगा दी। मनीष ने बताया कि इलाज कराने के बाद भी उसका सिर का आधा हिस्सा सुन्न रहने लगा। हाथ-पैर भी अधिक हिलने लगे थे। इसके बाद उसने मथुरा में जाकर इलाज कराया।

तांत्रिक ने बताया कि मनीष करीब छह महीने से उसके संपर्क में नहीं था। 18 जनवरी को उसने फोन किया था। बताया था कि पुराना सिम बंद हो गया है। नया लिया है। सास और ससुर की बीमारी ठीक होने के बाद वह फिर सेवा के लिए मंदिर में आने लगेगा।

तांत्रिक की बातों में सच्चाई होने पर पुलिस ने बुधवार शाम चार बजे उनको छोड़ दिया। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि तांत्रिक की किसी प्रकार की गतिविधि सामने नहीं आई है। पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया गया है। जिस झोलाछाप से इलाज कराया था, उससे भी पूछताछ की जाएगी।

 

फेसबुक पर अपने बच्चों की फोटो डालता था मनीष

मृतक मनीष अक्सर अपने बच्चों की फोटो फेसबुक पर शेयर करता था। उसके इतना बड़ा कदम उठाने के बाद ग्रामीणों का कहना है कि यह विश्वास करना अभी भी मुश्किल है कि मनीष ने खुद ही अपने बच्चों की हत्या कर दी।