जमशेदपुर में NH-18 पर टक्कर के बाद बाइक को 3 किमी तक घसीटता रहा ट्रेलर, बाल-बाल बची पिता-पुत्र की जान
धालभूमगढ़ के पास NH-18 पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को 3 किमी तक घसीटा, जिसमें सवार पिता-पुत्र चमत्कारिक ...और पढ़ें

टक्कर के बाद बाइक को 3 किमी तक घसीटता रहा ट्रेलर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
NH-18 पर ट्रेलर ने बाइक को 3 किमी तक घसीटा।
बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल, पर जान बची।
घायलों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर किया गया।
संवाद सूत्र, गुड़ाबांदा। धालभूमगढ़ प्रखंड अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 18 पर सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर चालक ने बाइक को करीब 3 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया।
गनीमत यह रही कि दुर्घटना के शुरुआती झटके में ही बाइक पर सवार पिता-पुत्र सड़क पर छिटककर दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, गुड़ाबांदा प्रखंड के सुड़की गांव निवासी संतोष केवट (लगभग 53 वर्ष) अपने 14 वर्षीय पुत्र सोमनाथ के साथ अपनी बाइक से नरसिंहगढ़ से धालभूमगढ़ की ओर आ रहे थे।
संतोष केवट के सिर पर गंभीर चोटें आई
गलत दिशा से वाहन चलाने और अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने के कारण यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में संतोष केवट के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके नाबालिग पुत्र सोमनाथ का एक पैर टूट गया है।
आनन-फानन में दोनों घायलों को धालभूमगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया।
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और एनएच पर तेज रफ्तार तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले भारी वाहनों पर लगाम कसने की मांग की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।