जमशेदपुर के डिमना घाटी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
जमशेदपुर के डिमना घाटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय बाइक सवार युवक बासुदेव टुडू की मौत हो ...और पढ़ें

डिमना लेक रोड स्थित घाटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
HighLights
24 वर्षीय बासुदेव टुडू की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी।
पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
जासं, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक रोड स्थित घाटी में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरा। मृतक की पहचान कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह टोला हाड़ियाडीह निवासी बासुदेव टुडू के रूप में हुई है।
रविवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
पुरानी बाइक खरीदने जमशेदपुर आया था युवक
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि बासुदेव दो भाइयों में छोटा था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी महज डेढ़ साल पहले ही हुई थी।
शनिवार को वह अपने दो रिश्तेदारों के साथ पुरानी बाइक खरीदने के सिलसिले में जमशेदपुर आया था। हालांकि, मनपसंद बाइक नहीं मिलने पर वह भादुडीह निवासी अजय मुर्मू और एक अन्य रिश्तेदार के साथ दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था।
झाड़ियों में लहूलुहान मिला शव
वापसी के दौरान डिमना घाटी के पास बासुदेव अपनी बाइक लेकर आगे निकल गया, जबकि दोनों रिश्तेदार उससे पीछे रह गए।
इसी दौरान किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बासुदेव बाइक समेत सड़क किनारे गहरी झाड़ियों में जा गिरा।
पीछे आ रहे रिश्तेदारों को शुरुआत में हादसे की भनक तक नहीं लगी। जब वे लोग करीब चार किलोमीटर आगे भादुडीह पहुंचे और बासुदेव वहां नहीं दिखा, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई।
दोनों रिश्तेदार तुरंत उसकी तलाश में वापस लौटे। खोजबीन के दौरान कुसुम पेड़ के पास झाड़ियों में बासुदेव गंभीर रूप से लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला।
उसी रास्ते से गुजर रहे पटमदा के जिला परिषद सदस्य खगेन चंद्र महतो की मदद से उसे तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मातम में बदली खुशियां, गांव में शोक
सड़क हादसे में बासुदेव की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। महज डेढ़ साल पहले ही दुल्हन बनकर घर आई पत्नी इस वज्रपात से पूरी तरह सदमे में है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, बोड़ाम थाना पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के साथ-साथ दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।