विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के दलमा अभयारण्य में आया नन्हा मेहमान 'शेखर': रजनी और बादल के साथ मिला नया परिवार

Published: Tue, 03 Nov 2026 07:00 AM (IST)

दलमा वन्यजीव अभयारण्य में सात माह के नन्हे हाथी शेखर को गुमला से लाया गया है। वह अब रजनी और बादल के साथ रहेगा।

नया मेहमान शेखर। (जागरण)

नया मेहमान शेखर। (जागरण)

HighLights

  1. सात माह का नन्हा हाथी शेखर दलमा पहुंचा।

  2. रजनी और बादल के साथ अब दलमा में तीन हाथी।

  3. पर्यटकों के लिए दलमा में नया आकर्षण बढ़ा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। दलमा वन्यजीव अभयारण्य में अब पर्यटकों को रजनी हथिनी और बादल हाथी के बाद एक नए मेहमान शेखर का दीदार होगा।

सात माह का नन्हा हाथी शेखर सोमवार को गुमला वन प्रमंडल से दलमा लाया गया। यहां वह रजनी और बादल के साथ अपना नया जीवन शुरू करेगा। वन विभाग को उम्मीद है कि दलमा का प्राकृतिक वातावरण और देखभाल उसे सुरक्षित रखने में मददगार साबित होंगे।

दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि शेखर अपने झुंड से बिछड़ गया था। वन विभाग के कर्मियों ने उसे दोबारा झुंड के साथ मिलाने का प्रयास किया था।

हालांकि, कुछ समय बाद वह फिर झुंड से अलग हो गया। इसके बाद गुमला वन प्रमंडल की ओर से दलमा डीएफओ से संपर्क किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे दलमा लाने का निर्णय लिया गया।

सोमवार को दलमा पहुंचने के बाद नन्हे शेखर ने वनकर्मियों को खूब छकाया। नए माहौल में वह काफी चंचल नजर आया। उसे संभालने के लिए वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः उसके दोनों पैरों में रस्सी बांधकर उसे नियंत्रित किया गया। इसके बाद रजनी हथिनी के महावत ने अपने हाथों से शेखर को खाना खिलाया।

रजनी और बादल के साथ बढ़ेगा परिवार

दलमा में पहले से मौजूद रजनी हथिनी और बादल हाथी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। अब शेखर के आने से दलमा में हाथियों की संख्या बढ़ गई है।

वन विभाग के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि नन्हे हाथी को उचित देखभाल, भोजन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। पर्यटकों को भी अब दलमा में हाथियों के इस नए साथी को देखने का मौका मिलेगा।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक के गोकर्ण तट पर पिकनिक मनाने गए जमशेदपुर की सॉफ्टवेयर कर्मी संग दो की डूबने से मौत, एक लापता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।