विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्नाटक के गोकर्ण तट पर पिकनिक मनाने गए जमशेदपुर की सॉफ्टवेयर कर्मी संग दो की डूबने से मौत, एक लापता

Published: Mon, 02 Nov 2026 07:32 PM (IST)

कर्नाटक के गोकर्ण तट पर पिकनिक मनाने गए बेंगलुरु के आईटी पेशेवरों के दल में से जमशेदपुर की सॉफ्टवेयर कर्मी ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। (AI Generated Image)

HighLights

  1. जमशेदपुर की सॉफ्टवेयर कर्मी शोभा दास की मौत।

  2. गोकर्ण तट पर पिकनिक के दौरान हादसा हुआ।

  3. तेज लहरों और अंडरकरंट ने लील ली जान।

जासं, जमशेदपुर। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गोकर्ण के निकट दुब्बनशशी समुद्र तट पर रविवार की सुबह खुशियों का सफर उस समय मातम में बदल गया, जब अरब सागर में उठीं विकराल लहरों ने स्नान कर रहे आइटी पेशेवरों को लील लिया।

इस दर्दनाक हादसे में जमशेदपुर की होनहार 22 वर्षीय साफ्टवेयर कर्मी शोभा दास और उनके टीम लीडर मोहम्मद अकरम की डूबने से मौत हो गई।

वहीं, लहरों में बहा एक अन्य साथी अब भी लापता है। जमशेदपुर में रह रहे शोभा के स्वजनों को जैसे ही कर्नाटक पुलिस ने हादसे की जानकारी दी, घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।

 

बोनस का जश्न मनाने पहुंचा था 16 सदस्यीय दल

गोकर्ण पुलिस के अनुसार, बेंगलुरु के बेलंदूर (इकोस्पेस) स्थित बहुराष्ट्रीय काल सेंटर अलोरीका इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत 16 सहकर्मियों का समूह कंपनी से मिले बोनस और इंसेंटिव का जश्न मनाने के लिए वीकेंड पर गोकर्ण आया था।

सभी सदस्य दुब्बनशशी तट के समीप स्थित कोजे रिजार्ट में ठहरे थे। शनिवार रात मौज-मस्ती के बाद रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शोभा दास सहित पांच साथी समुद्र तट पर टहलने पहुंचे और उत्साह में स्नान करने पानी में उतर गए।

 

अचानक खिंच गए गहरे पानी में, चीख-पुकार के बीच बचाव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक-युवती किनारे से मात्र 15 से 20 फीट की दूरी पर ही थे कि अचानक समुद्र में उठीं छह से आठ फीट ऊंची अप्रत्याशित लहरों और तेज अंडरकरंट (आंतरिक जलधारा) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पानी के तीव्र बहाव के कारण सभी का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में खिंचते चले गए। तट पर खड़े अन्य साथियों के शोर मचाने पर पास में मौजूद स्थानीय मछुआरे और तटीय सुरक्षा बल (लाइफ गार्ड) रस्सियों और लाइफबाय के सहारे तुरंत समुद्र में कूदे।

मछुआरों ने भारी मशक्कत के बाद शोभा दास, मोहम्मद अकरम, निशांत डीवी (26) और मोहम्मद कासिम को किसी तरह पानी से बाहर निकाला। हालांकि, बेंगलुरु के कल्याण नगर निवासी विश्वा एके (24) गहरे समंदर में बह गए।

 

अस्पताल पहुंचने से पहले थमीं सांसें

तट पर प्राथमिक उपचार के बाद अचेत शोभा दास और गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अकरम को तत्काल गोकर्ण के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

वहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत शोभा दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी अकरम को बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से मणिपाल के अस्पताल भेजा जा रहा था।

लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अन्य दो साथी निशांत और कासिम का उपचार जारी है और वे खतरे से बाहर बताए गए हैं।

उत्तर कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक दीपन एमएन ने बताया कि लापता विश्वा एके की तलाश के लिए तटीय सुरक्षा पुलिस, स्थानीय तैराकों और दमकल विभाग की स्पीड बोट को समुद्र में उतारा गया है।

दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कारवार स्थित मेडिकल कालेज के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समुद्र में तेज बहाव और चट्टानों को देखते हुए तट पर जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं।

बावजूद इसके लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जमशेदपुर में शोभा दास के परिजनों को सूचित कर दिया है। सूचना मिलने के बाद परिजन कर्नाटक के कारवार के लिए रवाना हो गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।