विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद से जमशेदपुर जा रही शराब लदी गाड़ी बीच सड़क पर पलटी, 40% बोतलें टूटीं, बाकी लूट ले गए राहगीर

Published: Sun, 21 Jun 2026 10:17 PM (IST)

सरायकेला-खरसावां में राष्ट्रीय राजमार्ग पर शराब से लदी पिकअप वैन पलटने से 40% बोतलें टूट गईं, जबकि बची हुई 60% शराब राहगीर और स्थानीय ग्रामीण लूट ले गए। इस घटना से करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शेष शराब को कब्जे में लिया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. शराब से लदी पिकअप वैन राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलटी।

  2. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की, शेष शराब जब्त।

संस, चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर नूतनडीह गांव के पास अंग्रेजी शराब से लदी तेज रफ्तार पिकअप वैन पलट गई। 
 
इस हादसे में जहां गाड़ी में रखी लगभग 40 प्रतिशत शराब की बोतलें टूटकर बर्बाद हो गईं, वहीं बची हुई 60 प्रतिशत शराब को राहगीर और स्थानीय ग्रामीण लूट ले गए। 
 

लूटने की मची होड़, कांच चुभने की भी नहीं की परवाह 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब से लदी यह पिकअप वैन धनबाद के निरसा से जमशेदपुर के डिमना की ओर जा रही थी। 
 
इसी बीच नूतनडीह के पास चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पलट गई। दुर्घटना में चालक को गंभीर चोट नहीं आई और वह बाल-बाल बच गया। 
 
सड़क पर शराब का वाहन पलटने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों में बोतलें उठाने की होड़ मच गई। 
 
हालात ऐसे थे कि लोग सड़क पर बिखरे कांच के टुकड़ों की परवाह किए बिना बोतलें झपटने लगे। इस आपाधापी में कुछ लोगों के हाथ-पैर में कांच भी चुभ गई, लेकिन शराब लेकर भागने का जुनून उन पर इस कदर हावी था कि वे रुके नहीं। 
 
कोई झोले में बोतलें भर रहा था, तो कोई पूरी पेटी ही लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़ित चालक लोगों के आगे हाथ जोड़ता रहा, गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक न सुनी।
 

मौके पर पहुंची पुलिस, 4.5 लाख की थी शराब 

इस लूटपाट के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। 
 
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बची-खुची शराब को अपने कब्जे में लिया और क्रेन/दूसरे वाहन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को सीधा कराकर थाने भिजवाया।


चौका थाना प्रभारी ने बताया कि वैन में लगभग 4 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी थी। भीड़ के जाने के बाद जो थोड़ी-बहुत बोतलें सुरक्षित बची थीं, उन्हें कागजी प्रक्रिया के बाद चालक को सौंप दिया गया है। 

यह भी पढ़ें- चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर हादसा: निर्माणाधीन नाली में घुसी अनियंत्रित बाइक, रेल अ‍धिकारी की मौत

यह भी पढ़ें- सोनुवा में सड़क हादसा: जेसीबी की टक्कर से सवारी वाहन पलटा, एक ग्रामीण की मौत, तीन गंभीर

यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Expressway पर भीषण हादसा: दोस्तों की कार डिवाइडर से टकराई, एक की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल

यह भी पढ़ें- नीमच के तिलस्वा घाट पर पिकअप वाहन खाई में गिरा, 3 मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।