जनशताब्दी एक्सप्रेस में अब यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, रेक में हुए बड़े बदलाव
हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के रेक में व्यापक सुधार किया गया है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। आंतरिक साज-सज्जा, यात्री ...और पढ़ें

हावड़ा को झारखंड और उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक व खनिज क्षेत्रों से जोड़ती है यह ट्रेन।
HighLights
रेक में व्यापक सुधार, आंतरिक साज-सज्जा बेहतर हुई।
सीटों, आर्मरेस्ट और खिड़कियों का नवीनीकरण किया गया।
चार्जिंग सॉकेट, एलईडी लाइट और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। हावड़ा से चलकर बड़बिल को जाने वाली 12021-12022 जनशताब्दी एक्सप्रेस के रेक में व्यापक सुधार किया गया है। जल्द ही यह एक्सप्रेस नए रेक के साथ चलेगी। चक्रधरपुर रेल मंडल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनशताब्दी एक्सप्रेस के कोचों की आंतरिक साज-सज्जा, यात्री सुविधाओं और रखरखाव में सुधार किया गया है।
हावड़ा को झारखंड और उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक एवं खनिज क्षेत्र से जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण दैनिक ट्रेन अब पहले से अधिक सुविधाजनक और आरामदायक होगी। नई व्यवस्था के तहत कोचों में सीटों की गद्दियों और कवर का नवीनीकरण किया गया है।
खराब आर्मरेस्ट व रिक्लाइनर बदले गए हैं। सेंटर टेबल, स्नैक ट्रे, छत और लगेज रैक की मरम्मत के साथ क्षतिग्रस्त खिड़की फिटिंग व रोलर ब्लाइंड्स भी बदले गए हैं। वहीं, गैर-वातानुकूलित कोचों में नए पंखे, एलईडी लाइट और चार्जिंग साकेट लगाए गए हैं।
वहीं, वातानुकूलित कोचों में चार्जिंग सुविधा के साथ रीडिंग लाइट सहित अन्य आंतरिक सुविधाओं को बेहतर किया गया है। शौचालयों में नए फर्श, वाटर फिटिंग, आंतरिक साज-सज्जा और हाइजीन मैट की व्यवस्था की गई है। बाहरी हिस्से में पीयू पेंटिंग, जंग प्रभावित क्षेत्रों का उपचार, दरवाजों-खिड़कियों की मरम्मत, कोच व गंतव्य संकेतक बोर्डों का सुधार किया गया है।
