जमशेदपुर में दिखेगा गोकुलधाम सोसायटी का नजारा, जेठालाल-बापूजी और दयाबेन की थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल
जमशेदपुर में इस बार दुर्गा पूजा पर 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की गोकुलधाम सोसायटी की थीम पर एक अनोखा ...और पढ़ें

जमशेदपुर में 'गोकुलधाम सोसायटी' थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल। जागरण
HighLights
जमशेदपुर में 'गोकुलधाम सोसायटी' थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल।
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के किरदारों का अनुभव मिलेगा।
डिजिटल डेस्क, रांची। टीवी धारावाहिक 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के जेठालाल, बापूजी, दयाबेन और टप्पू के प्रशंसकों के लिए इस बार दुर्गा पूजा खास होने वाली है।
जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित भिखारी मैदान में गाढ़ाभासा लाल बिल्डिंग चौक के पास श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी ने गोकुलधाम सोसायटी की थीम पर अनोखा पंडाल तैयार कराया है। जमशेदपुर में पहली बार इस थीम पर पंडाल बनाया गया है। करीब चार लाख रुपये की लागत से तैयार इस पंडाल का उद्घाटन गुरुवार को हो गई।

पेट्रोल पंप से चंद्रयान तक, हर साल अलग थीम
श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी वर्ष 2010 से पूजा का आयोजन कर रही है। कमेटी हर साल किसी खास थीम के जरिये लोगों को आकर्षित करने की कोशिश करती है। इससे पहले यहां पेट्रोल पंप, रेलवे स्टेशन, चंद्रयान और टोल प्लाजा जैसी थीम पर पंडाल बनाए जा चुके हैं।
इस बार 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की गोकुलधाम सोसायटी को थीम बनाकर पंडाल तैयार किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को लोकप्रिय धारावाहिक के चर्चित किरदारों से जुड़ा माहौल देखने को मिलेगा।

पंडाल में स्थापित होगी 11 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा
पंडाल में मां दुर्गा की 11 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। पूजा के दौरान सप्तमी, अष्टमी और नवमी को श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा। कमेटी को उम्मीद है कि गोकुलधाम सोसायटी की थीम बच्चों और युवाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्यों को भी आकर्षित करेगी।

कमेटी के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे
पूजा के आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हैं। कमेटी के अध्यक्ष राकेश चौबे, महासचिव नीरज सिंह, कोषाध्यक्ष विभास सिन्हा और लाइसेंसी धर्मेंद्र सिंह हैं। वहीं, संजय कुमार, जय प्रकाश और विष्णु पांडेय कमेटी के सदस्य हैं। कमेटी की ओर से इस बार भी श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव देने की तैयारी की गई है।

