विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के मानगो में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक घायल; रंगदारी को लेकर हमले का आरोप

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:02 AM (IST)

मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड पर रंगदारी विवाद में हुई गोलीबारी में साकिब नूर और परवेज मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है।

मानगो में हुई गोलीबारी। जागरण

मानगो में हुई गोलीबारी। जागरण

HighLights

  1. मानगो में रंगदारी विवाद के चलते हुई गोलीबारी।

  2. साकिब नूर और परवेज मलिक गोली लगने से घायल।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 व बहरा मैदान के समीप रविवार की देर रात करीब 10:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी।

इस जानलेवा हमले में साकिब नूर और बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी परवेज मलिक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के हाथों में गोलियां लगी हैं और साकिब के हाथ की हड्डी टूट गई है। स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से दोनों को तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घर में घुसकर मारपीट, विरोध पर चलाईं गोलियां

चश्मदीद मोहम्मद सद्दाम के अनुसार, रविवार रात लगभग 10:30 बजे 20 से 25 युवकों का हुजूम ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित उनकी बहन के घर जबरन घुसा और उनके बड़े भाई की तलाश करते हुए मारपीट करने लगा। सूचना पाकर सद्दाम कपाली से परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर भागकर रोड नंबर-5 स्थित मस्जिद और बहरा मैदान के पास जमा हो गए।

जब परिजन वहां पहुंचे, तो हमलावरों ने तीन से चार राउंड गोलियां दाग दीं। सद्दाम के मुताबिक, शूटर ने भतीजे साकिब नूर के सिर पर पिस्तौल सटा दी थी, लेकिन हाथापाई और बचाव के दौरान गोली साकिब के हाथ में जा लगी। वहीं पड़ोस में रहने वाले परवेज जब साकिब को बचाने दौड़े, तो अपराधियों ने उन पर भी गोली चला दी।

रंगदारी का विवाद, कुख्यात चना वसीम पर आरोप

स्वजनों का आरोप है कि फायरिंग का नेतृत्व आपराधिक छवि वाला चना वसीम और उसके गुर्गे कर रहे थे। पीड़ित परिवार का गिट्टी-बालू और पानी के टैंकर का कारोबार है। आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में वर्चस्व और रंगदारी वसूली के विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखे बरामद किए। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रही है। 

यह भी पढ़ें- पंजाब: दीपावली की रात फिरोजपुर की सड़क पर मौत बनकर दौड़ी कार, एक्टिवा को ढाई KM तक घसीटता रहा ड्राइवर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।