पंजाब: दीपावली की रात फिरोजपुर की सड़क पर मौत बनकर दौड़ी कार, एक्टिवा को ढाई KM तक घसीटता रहा ड्राइवर
दीपावली की रात फिरोजपुर में एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मारकर करीब ढाई किलोमीटर तक घसीटा, जिससे ...और पढ़ें

स्कूटी को ढाई किलोमीटर तक घसीटा (जागरण फोटो)
HighLights
तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मारी।
कार ने एक्टिवा को ढाई किलोमीटर तक घसीटा।
चालक एक्टिवा छोड़कर मौके से फरार हुआ।
संवाद सहयोगी, फिरोजपुर। दीपावली की रात जब शहर रोशनी और आतिशबाजी से जगमगा रहा था, उसी दौरान सड़कों पर एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। एक तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद उसे अपने साथ घसीटना शुरू कर दिया।
कार चालक ने रफ्तार कम करने के बजाय गाड़ी और तेज कर दी। करीब ढाई किलोमीटर तक एक्टिवा कार के साथ घिसटती रही और सड़क पर लगातार चिंगारियां निकलती रहीं। इस फिल्मी अंदाज के घटनाक्रम को देखकर राहगीर और दुकानदार भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, मनप्रीत सिंह दीपावली पर पटाखे खरीदकर अपनी एक्टिवा से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पायलट चौक के पास पहुंचा तो एक कार ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
चिंगारियां देखकर सहमे लोग
टक्कर के बाद एक्टिवा कार के साथ फंस गई। इसके बावजूद कार चालक ने गाड़ी रोकने की जहमत नहीं उठाई और तेज रफ्तार से आगे बढ़ता चला गया। मनप्रीत की एक्टिवा कार के साथ सड़क पर घिसटती रही। इस दौरान सड़क पर निकलती चिंगारियां देखकर लोगों को किसी बड़े हादसे का डर सताने लगा।
कार चालक पायलट चौक से किल्ले वाला चौक तक एक्टिवा को घसीटता ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने कार को रोकने और चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागता रहा। आखिरकार किल्ले वाला चौक के पास चालक एक्टिवा को छोड़कर कार सहित फाजिल्का रोड की तरफ फरार हो गया।
इस पूरी घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इतनी खतरनाक लापरवाही के बावजूद कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। दीपावली की खुशियों के बीच हुआ यह घटनाक्रम सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गया।
लोगों ने कार का किया पीछा
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के एएसआई तरसेम सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने आम लोगों के साथ मिलकर कार का पीछा किया और किल्ले वाला चौक से एक्टिवा बरामद कर ली।
शुरुआती जांच में कार शांति नगर के एक निवासी की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस कार के नंबर की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।