GAIL के साथ जुड़कर कमाने का शानदार मौका, जमशेदपुर में गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए मांगे गए आवेदन
गेल (इंडिया) लिमिटेड जमशेदपुर में पीएनजी नेटवर्क विस्तार के लिए स्थानीय वेंडरों से ईओआई आमंत्रित कर रही है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क के विस्तार को गति देने के लिए गेल (इंडिया) लिमिटेड ने स्थानीय वेंडरों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किया है।
इसके तहत लास्ट माइल कनेक्टिविटी (एलएमसी) और पीई पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा। कंपनी का उद्देश्य अधिक से अधिक घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पीएनजी की सुविधा पहुंचाना है।
गेल के महाप्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा ने बताया कि नेटवर्क विस्तार के लिए स्थानीय वेंडरों को जोड़ने की पहल की गई है। इससे पाइपलाइन बिछाने के काम में तेजी आएगी और स्थानीय उद्यमियों को रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पहल केंद्र सरकार के एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम करने और पीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के प्रयासों के अनुरूप है। इसी क्रम में पीएनजी ड्राइव 3.0 भी चला रही है।
भेजे जा रहे नोटिस
मिश्रा के अनुसार, जिन क्षेत्रों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ताओं को पीएनजी अपनाने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं।
इसमें गेल के अलावा आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल भी शामिल हैं। सरकारी निर्देशों के अनुसार, ऐसे क्षेत्रों में पीएनजी नहीं अपनाने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी आपूर्ति बंद की जा सकती है।
ईओआई के लिए आवेदन 17 से 26 नवंबर 2026 तक कार्य दिवसों में सुबह 11 से शाम पांच बजे तक किए जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के टाटा जू में बढ़ा बाघों का कुनबा: सुनैना-रुद्र की तीनों बेटियाें का हुआ नामकरण, अब कुल संख्या हुई नौ