लौहनगरी की नन्हीं दहाड़ बनीं अवनी, कायरा और शक्ति
जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में तीन नन्हीं बाघिनों अवनी, कायरा और शक्ति का नामकरण समारोह हुआ। शहरवासियों की ...और पढ़ें

तीन नन्हीं बाघिनों का मंगलवार को शहरवासियों के अपार दुलार के बीच नामकरण किया गया।
HighLights
टाटा जू में तीन नन्हीं बाघिनों का नामकरण हुआ।
शावकों के नाम अवनी, कायरा और शक्ति रखे गए।
नामकरण में जमशेदपुर के नागरिकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील ज़ूलॉजिकल पार्क (टाटा जू) में अठखेलियां कर रहीं तीन नन्हीं बाघिनों का मंगलवार को शहरवासियों के अपार दुलार के बीच नामकरण किया गया।
जनभागीदारी के एक अनूठे उत्सव में इन शावकों का नाम अवनी, कायरा और शक्ति रखा गया है। उल्लेखनीय है कि बीती 23 सितंबर को बाघिन सुनैना और बाघ रुद्र के मिलाप से तीन शावकों का जन्म हुआ था।
चिकित्सकीय जांच में तीनों निकलीं मादा
शुरुआती बनावट के कारण एक शावक को नर मानकर दोनों श्रेणियों में नाम आमंत्रित किए गए थे। हालांकि, बाद में गहन चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुष्टि हुई कि तीनों ही शावक मादा हैं, जिसके बाद चयन प्रक्रिया को पूर्णतः नारी शक्ति के प्रतीकों पर केंद्रित किया गया।
'शक्ति' नाम पर बरसा सर्वाधिक प्यार
जमशेदपुर के 650 से अधिक प्रकृति प्रेमियों ने संदेशों के माध्यम से 1,900 से अधिक नाम सुझाए थे।
- शक्ति: अदम्य साहस की प्रतीक इस नाम को सर्वाधिक 14 नागरिकों की पसंद बनने का गौरव मिला।
- कायरा: दीप्तिमान आभा का प्रतीक यह नाम 4 लोगों द्वारा सुझाया गया।
- अवनी: वसुंधरा का मान बढ़ाने वाला यह नाम 3 लोगों की पसंद बना।
जू प्रबंधन जल्द ही चयनित नाम सुझाने वाले नागरिकों को विशेष रूप से सम्मानित करेगा।
बाघों का कुनबा बढ़कर हुआ नौ
इन तीन नए सदस्यों के शामिल होने से टाटा जू में बाघों की कुल संख्या अब नौ हो गई है। यह पहल दर्शाती है कि जब कोई शहर अपनी जैव विविधता से जुड़ता है, तो वन्यजीव संरक्षण केवल एक औपचारिकता न रहकर एक जीवंत जन-सरोकार बन जाता है।