झारखंड के डुमरिया का आजीविका मॉडल: मुर्गीपालन, खेती और लघु उद्यमों से दोगुनी हुई 200 से अधिक परिवारों की आय
झारखंड के डुमरिया में कला मंदिर संस्थान के आजीविका मॉडल ने 200 से अधिक गरीब परिवारों की आय दोगुनी कर दी है।

मुर्गीपालन करती दसमा बारी। (जागरण)
HighLights
200 से अधिक परिवारों की आय दोगुनी, गरीबी हुई दूर।
मुर्गीपालन, खेती, लघु उद्यमों से मिली आर्थिक आत्मनिर्भरता।
कला मंदिर संस्थान ने डुमरिया में आजीविका मॉडल विकसित किया।
भूदेव चंद्र मार्डी, डुमरिया। गरीबी से जूझ रहे किसी परिवार को कुछ आर्थिक मदद या रोजगार का एक साधन उपलब्ध करा देना आसान है, लेकिन उसे इस स्थिति में पहुंचाना कि वह अपने पैरों पर खड़ा हो सके, नियमित आमदनी अर्जित करे और अपना छोटा कारोबार आगे बढ़ा सके, कहीं बड़ी चुनौती है।
झारखंड में पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड में इसी चुनौती का समाधान तलाशने की कोशिश हो रही है। यहां अत्यंत गरीब परिवारों को केवल सहायता देने के बजाय उनकी क्षमता, जरूरत और आसपास उपलब्ध संसाधनों के आधार पर आजीविका विकसित करने का मॉडल तैयार किया गया है।
कला मंदिर संस्थान की निगरानी में संचालित अल्ट्रा पुअर ग्रेजुएशन एप्रोच (यूपीएजी) पहल में परिवारों को आर्थिक सहयोग, काम के साधन, प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य उन्हें सहायता पर निर्भर रखने के बजाय अपनी आमदनी पैदा करने और आर्थिक रूप से मजबूत होने योग्य बनाना है।
इसमें सरकार से आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने में संस्थान मदद करता है। इसी कड़ी में कांटाशोल और धोलाबेड़ा पंचायतों में माइक्रो इकोनामिक जोन के 21 गांवों में अब तक 200 से अधिक अति गरीब परिवारों की सालाना आमदनी दो गुनी हो गई है।
अब इस पहल का दायरा बढ़ाकर 400 परिवारों को वन उत्पादों और 600 किसान परिवारों को कृषि आधारित आजीविका से जोड़ने की तैयारी है।
कला मंदिर संस्थान के नेचुरल रिसोर्सेज हेड विश्वरूप चटर्जी बताते हैं कि इस मॉडल की बुनियाद इस सोच पर रखी गई है कि अत्यंत गरीब परिवारों की जरूरतें और उनकी आजीविका की संभावनाएं एक जैसी नहीं होतीं।
किसी परिवार के पास पशुपालन की गुंजाइश है तो किसी के लिए खेती, वन उत्पादों का प्रसंस्करण या घरेलू उपयोग की वस्तुएं बनाना बेहतर विकल्प हो सकता है।
इसलिए यहां सभी परिवारों के लिए एक जैसा रोजगार तय करने के बजाय उनकी आर्थिक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और काम करने की क्षमता के अनुरूप आजीविका का जरिया विकसित किया जा रहा है।

सुखलाल टुडू, लाइव स्टाक एक्सपर्ट।
इसके लिए पहले गांवों में सबसे कमजोर आर्थिक स्थिति वाले परिवारों की पहचान की जाती है। ग्रामसभा के माध्यम से उनकी जरूरतों और परिस्थितियों को समझा जाता है। इसके बाद उन्हें उपयुक्त काम से जोड़ने के लिए संसाधन, प्रशिक्षण और तकनीकी मदद दी जाती है।
इस प्रक्रिया में केवल शुरुआती सहायता देना ही लक्ष्य नहीं है, परिवार उस काम को समझें, उससे नियमित आमदनी अर्जित करें और धीरे-धीरे अपने स्तर पर उसे आगे बढ़ाने में सक्षम बनें, इस पर भी जोर दिया जा रहा है। यही वजह है कि पांच-छह हजार रुपये भी नहीं कमा पाने वालों की आय अब 10-12 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
जब बदली मदद देने की कार्ययोजना
चटर्जी कहते हैं कि इस पहल की शुरुआत में ग्रामीणों का भरोसा जीतना बड़ी चुनौती थी। शुरुआती बातचीत में जब ग्रामीणों से सहयोग राशि देने की बात की गई तो उनका कहना था कि जब उनके पास अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए ही पर्याप्त पैसे नहीं हैं तो वे किसी को आर्थिक सहयोग कैसे दे सकते हैं।

विश्वरुप चटर्जी, कला मंदिर संस्थान के निचुरल रिसोर्स हेड।
इस अनुभव के बाद कार्ययोजना में बदलाव किया गया। परिवारों से आर्थिक योगदान लेने के बजाय उनकी आजीविका मजबूत करने के लिए संसाधन, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
यहीं से मदद देने की सामान्य प्रक्रिया को आजीविका विकसित करने के मॉडल में बदलने की दिशा मिली। गांव के लोगों को उनकी परिस्थितियों के अनुसार काम के अवसर दिए गए और स्थानीय संसाधनों को ही आर्थिक मजबूती का आधार बनाया गया। इस तरह परिवारों को केवल लाभार्थी मानने के बजाय उन्हें अपनी आर्थिक स्थिति बदलने की प्रक्रिया का भागीदार बनाने का प्रयास किया गया।
संसाधन मिले तो संकट से निकल सका परिवार
इस मॉडल का असर परिवारों की जिंदगी में किस तरह दिखाई दे रहा है, इसे बारुनिया गांव की केयरी हो की कहानी से समझा जा सकता है। उनके परिवार की आजीविका लकड़ी बेचने पर निर्भर थी। पति इसी से रोज की कमाई जुटाते थे। बीमारी ने उन्हें बिस्तर पर डाल दिया तो परिवार की आमदनी बंद हो गई।

केयरी हो, गांव बारुनिया।
इलाज के लिए पैसे जुटाना मुश्किल हो गया। ऐसे समय में मुर्गीपालन से मिलने वाली आमदनी परिवार के लिए सहारा बनी। इससे इलाज का खर्च निकालने में मदद मिली और परिवार संकट से उबर सका। बारेडीह गांव की दसमा बारी के जीवन में आया बदलाव आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ आत्मसम्मान से भी जुड़ा है।
पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों के सामने हाथ फैलाना पड़ता था। अब अंडों की बिक्री से होने वाली आमदनी से वह अपनी जरूरतें पूरी कर रही हैं। अपनी कमाई ने उन्हें आर्थिक फैसले लेने और आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है।
इन परिवारों को अंडा देने वाली मुर्गियां और सुरक्षित नाइट शेल्टर उपलब्ध कराए गए। मुर्गियों की देखभाल और बीमारी से बचाव के लिए नौ पशु सखियां गांवों में टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी मदद कर रही हैं। इससे परिवारों को केवल रोजगार का साधन ही नहीं मिला, उसे सुरक्षित और नियमित रूप से चलाने के लिए तकनीकी सहयोग भी मिल रहा है।
जंगल और खेती में भी तलाश रहे कमाई के अवसर
मॉडल का अगला चरण स्थानीय संसाधनों को बड़े स्तर पर आजीविका से जोड़ने का है। लुपुंगडीह और फुलझरी गांवों के 40 परिवारों को घास, बांस और खजूर के पत्तों से घरेलू उपयोग की वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इनमें आदिम जनजाति परिवार भी शामिल हैं। आगे 400 गरीब परिवारों को गैर-काष्ठ वन उत्पादों के संग्रहण और प्रसंस्करण से जोड़ने की योजना है। इसके पीछे सोच यह है कि जंगल से मिलने वाले उत्पादों को केवल कच्चे रूप में बेचने के बजाय उनका मूल्य संवर्धन किया जाए, जिससे ग्रामीणों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
कृषि आधारित रोजगार के लिए 600 किसान परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। नरसिंहबहाल गांव के किसान सकला मुर्मू को सिंचाई के लिए पंप सेट उपलब्ध कराया गया है।
रबी की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरसों, गेहूं, चना, मटर, मूंगफली और तीसी के बीज दिए जा रहे हैं। इसके साथ कृषि उत्पादन और प्रसंस्करण को भी आजीविका का हिस्सा बनाने की तैयारी है।
महिलाओं को इस तरह बनाया जा रहा सक्षम
महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से छोटे उद्यम विकसित किए जा रहे हैं। कांटाशोल क्षेत्र में सेनेटरी पैड निर्माण इकाई, धान कुटाई और तेल पेराई मशीनें लगाई गई हैं।

इनके माध्यम से महिलाओं को उत्पादन और प्रसंस्करण से जुड़कर सामूहिक रूप से आमदनी अर्जित करने का अवसर मिल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।