विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुड़ुख गीतों से वीरांगना सिंगी दई की कहानी को जीवंत कर रही हैं झारखंड की बहनें, 'ओंटा रंफ' उरांव समुदाय के साहस का प्रतीक

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:45 AM (IST)

रांची की दो चचेरी बहनें, मानती और निक्की तिग्गा, कुड़ुख गीतों के माध्यम से वीरांगना सिंगी दई की कहानी को जीवित रख रही हैं। उनका गीत 'ओंटा रंफ' उरांव समुदाय की एकता और साहस का प्रतीक बन गया है, जो नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ रहा है। 

रांची के ब्राम्बे गांव की उरांव जनजाति से आनेवाली लड़की अपनी आवाज के जरिए बन रही उम्मीद की किरण।

रांची के ब्राम्बे गांव की उरांव जनजाति से आनेवाली लड़की अपनी आवाज के जरिए बन रही उम्मीद की किरण।

HighLights

  1. मानती और निक्की तिग्गा कुड़ुख गीत गाकर इतिहास सहेज रही हैं।

  2. उनका गीत 'ओंटा रंफ' वीरांगना सिंगी दई को समर्पित है।

  3. यह गीत उरांव समुदाय में एकता और साहस का संदेश देता है।

कुमार गौरव, रांची। झारखंड की धरती खनिज संपदा, खेल प्रतिभाओं के साथ-साथ वीरगाथाओं से भरी पड़ी हैं। कभी-कभी एक गीत सिर्फ सुर और शब्दों का मेल नहीं होता, वह अपने पुरखों के इतिहास, संघर्ष और साहस को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का जरिया बन जाता है।

झारखंड के रांची जिले के ब्राम्बे गांव की उरांव जनजाति से आने वाली दो चचेरी बहनें मानती तिग्गा और निक्की तिग्गा अपनी आवाज के जरिए कुछ ऐसा ही कर रही हैं। उनका गीत है ‘ओंटा रंफ’, जिसका अर्थ है ‘उम्मीद की किरण’...।

यह गीत उरांव समुदाय की वीरांगना सिंगी दई को समर्पित है। कुड़ुख समुदाय की पारंपरिक स्मृतियों में सिंगी दई उस वीरांगना के रूप में याद की जाती हैं, जिन्होंने रोहतासगढ़ किले की रक्षा के लिए महिलाओं का नेतृत्व किया था।

गीत में बार-बार गूंजती एक पुकार है, एक योद्धा हमारे दिलों और समुदाय में हमेशा जिंदा रहे...। एक उम्मीद की किरण की तरह अडिग रहो, अपनी एकता और साहस को कमजोर मत होने दो। गीत आगे बढ़ते हुए कुड़ुख समाज को अपनी पहचान और समुदाय की रक्षा के लिए एकजुट होने का संदेश देता है।

इस गीत में ‘उम्मीद की किरण’ सिर्फ हथियार नहीं, बल्कि एकता, दृढ़ता और सामूहिक साहस का प्रतीक बन जाती है। रांची की ये दोनों बहनें संगीत की किसी औपचारिक पाठशाला से नहीं, बल्कि अपनी मां, दादी और गांव की महिलाओं से लोकगीत सुनते-सुनते बड़ी हुई हैं।

वर्ष 2022 में संवाद के मंच से शुरू हुआ उनका सफर आज टाटा स्टील फाउंडेशन के रिद्म्स आफ द अर्थ संगीत समूह तक पहुंच चुका है। कुड़ुख भाषा में गाए जाने वाले ऐसे गीतों की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि 2011 की जनगणना के अनुसार, देश में करीब 19.88 लाख लोगों ने कुड़ुख को अपनी भाषा बताया था।

संवाद 2026 के मंच पर मानती और निक्की सिर्फ एक गीत नहीं गा रहीं, बल्कि अपनी भाषा, अपनी वीरांगनाओं और अपने पुरखों की विरासत को फिर से आवाज दे रही हैं। क्योंकि जब तक अपनी भाषा में गीत गूंजते रहेंगे, तब तक हमारी कहानियां भी जिंदा रहेंगी।

विशेष बातचीत के क्रम में मानती तिग्गा कहती हैं कि ऐसी मान्यता है कि हमारे पूर्वज रोहतासगढ़ में रहते थे, समाज का पुरुष वर्ग शिकार करने जंगल गए हुए थे, इसी दौरान दुश्मनों ने आक्रमण कर दिया और घर की महिलाओं ने हथियार उठाकर आक्रमणकारियों से लोहा लिया और अपने मान-सम्मान की रक्षा की।

भले मैं तारा नहीं हूं लेकिन उम्मीद की एक किरण हूं

इस लड़ाई का नेतृत्व वीरांगना सिंगी दई ने किया था, उनके संघर्ष को याद करने के लिए हमलोग अपनी भाषा में गीत गाकर न सिर्फ श्रद्धांजलि देते हैं बल्कि अपने ऐतिहासिक इतिहास को भी याद करते हैं। उन्होंने कहा कि सिंगी दई की याद में हरेक 12 वर्षों में जनी शिकार का आयोजन आज भी होता है।

नई पीढ़ियों को उनकी कहानी सुनाई जाती है। अपने गाने पर चर्चा के दौरान मानती कहती हैं, इस गीत के जरिए एक लड़की है जो कहती हैं मेरा भी समय आएगा, भले मैं तारा नहीं हूं लेकिन उम्मीद की एक किरण हूं...।

एक दिन मैं भी सिंगी दई की तरह देश और समाज के लिए लडूंगी। मानती ने कहा आज बेटियां इतनी सशक्त और संबल हो चुकी हैं कि स्वयं के लिए लड़ सकती हैं, हम किसी पर निर्भर नहीं हैं, जितना बताया जाता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।