DD Bar Murder Case: जेल में ही रहेंगे भाजपा नेता नीरज सिंह, अदालत से नहीं मिली जमानत; अब हाईकोर्ट जाने की तैयारी
जमशेदपुर के डीडी बार हत्याकांड में आरोपी भाजपा नेता नीरज सिंह की जमानत याचिका निचली अदालत ने खारिज कर दी ...और पढ़ें

जमशेदपुर न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-2) की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जमानत याचिका खारिज कर दी है।
HighLights
भाजपा नेता नीरज सिंह की जमानत याचिका खारिज हुई।
निचली अदालत से राहत न मिलने पर जेल में रहेंगे।
अब जमानत के लिए झारखंड हाईकोर्ट में अपील करेंगे।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार हत्याकांड मामले में जेल में बंद भाजपा नेता नीरज सिंह को निचली अदालत से बड़ा झटका लगा है।
जमशेदपुर न्यायालय के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-2) आनंदमणि त्रिपाठी की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।
अदालत के इस फैसले के बाद नीरज सिंह की न्यायिक हिरासत फिलहाल जारी रहेगी और उन्हें जेल में ही रहना होगा। निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद अब बचाव पक्ष ने जमानत के लिए झारखंड हाईकोर्ट जाने का निर्णय लिया है।
13 नवंबर को बहस के बाद सुरक्षित रखा गया था फैसला
गौरतलब है कि नीरज सिंह की जमानत याचिका पर 13 नवंबर को अदालत में विस्तृत सुनवाई हुई थी। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने अपने मुवक्किल को निर्दोष बताते हुए उन्हें जमानत देने की पुरजोर मांग की थी।
वहीं, अभियोजन (सरकारी) पक्ष ने अपराध की गंभीरता और मामले में प्रत्यक्षदर्शियों के अहम बयानों का हवाला देते हुए जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया था।
दोनों पक्षों की जिरह पूरी होने के बाद अदालत ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था, जिसे सुनाते हुए कोर्ट ने याचिका नामंजूर कर दी।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्रकाश झा ने स्पष्ट किया है कि वे इस फैसले के खिलाफ अब झारखंड हाईकोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल करेंगे।
27 जून 2026 को हुई थी सनसनीखेज वारदात
उल्लेखनीय है कि बिष्टुपुर स्थित डीडी बार (डबल डाउन बार) में हुए इस हत्याकांड ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी। यह घटना 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे घटित हुई थी।
बार के अंदर हुए विवाद के बाद करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्युष आनंद पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया था।
इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए हिमांशु सिंह ने 29 जून 2026 को टीएमएच (TMH) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर भाजपा नेता नीरज सिंह को इस हत्याकांड में आरोपी बनाया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।