उस खौफनाक वारदात में हिमांशु सिंह की जान चली गई थी, जबकि प्रत्युष अब भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। उस मामले में भाजपा नेता नीरज सिंह व मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा समेत 16 आरोपित फिलहाल सलाखों के पीछे हैं।
घटना के बाद राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पूरे झारखंड और विशेषकर जमशेदपुर में बार व पब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी।
लापरवाही के आरोप में बिष्टुपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी आलोक दुबे समेत कई पुलिसकर्मी निलंबित किए गए थे।
उस समय बार बंद करने की समय सीमा को लेकर भारी सख्ती बरती गई थी, लेकिन मात्र एक महीने के भीतर ही यह खौफ खत्म होता दिख रहा है।
डीडी बार से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित एक अन्य बार में सरेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। निर्धारित समय रात 11:30 बजे के बाद भी वहां न सिर्फ शराब व बीयर परोसी जा रही है, बल्कि देर रात डेढ़ बजे तक तेज संगीत के बीच पार्टियां भी आयोजित हो रही हैं।
देर रात हो-हल्ले से आसपास रहने वाले लोग खासे परेशान हैं, लेकिन प्रभावशाली बार मालिक के डर से कोई सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
बार में देर रात हो रही इन पार्टियों के वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से अपलोड किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को आकर्षित कर मुनाफा कमाया जा सके।
किसके संरक्षण में खेल? पुलिस गश्ती दल पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर किस प्रशासनिक संरक्षण में यह सब चल रहा है? बिष्टुपुर पुलिस की गश्ती गाड़ी (पेट्रोलिंग पार्टी) हर रात इस बार के सामने से गुजरती है, फिर भी उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगती।
गौरतलब है कि डीडी बार कांड में भी पुलिस की मौजूदगी के दौरान ही चाकूबाजी हुई थी। इसके बावजूद गश्ती दल का ऐसा लापरवाह रवैया पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर से गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
बिना NOC पार्टी करना पूरी तरह अवैध
इस पूरे मामले पर धालभूम अनुमंडल अधिकारी (SDO) अर्णव मिश्रा ने कहा कि बार के पास केवल शराब बिक्री का सामान्य लाइसेंस होता है।
अगर वहां कोई विशेष पार्टी या बड़ी संख्या में लोगों का जमावड़ा हो रहा है, तो अनुमंडल पदाधिकारी और फायर सेफ्टी विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य है।
नियमों के मुताबिक कोई भी बार रात 11:30 बजे के बाद खुला नहीं रह सकता। यदि किसी विशेष आयोजन के लिए समय बढ़ाना हो, तो पूर्व अनुमति जरूरी है। बिना अनुमति ऐसा करना पूरी तरह गैरकानूनी है और इस पर सख्त कार्रवाई होगी।"