Bindal Mall shooting incident: मोहन यादव समेत दो गिरफ्तार, पीजी से रौनक हिरासत में; हथियार बरामदगी में जुटी SIT
जमशेदपुर के बिंदल मॉल फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी मोहन यादव समेत दो गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि रौनक शर्मा को हिरासत में लिया गया है।

बिंदल माल के उडुपी रेस्टोरेंट में 11 राउंड फायरिंग की घटना में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
HighLights
मुख्य आरोपी मोहन यादव सहित दो गिरफ्तार, रौनक हिरासत में।
बिंदल मॉल फायरिंग: एसआईटी हथियार सप्लायरों की गहन जांच कर रही।
पुलिस ने तीन शूटरों पर एक-एक लाख का इनाम घोषित किया।
जासं, जमशेदपुर। सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई 11 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की घटना में विशेष जांच टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में शामिल मोहन यादव समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, आदित्यपुर के दासपाड़ा स्थित एक पीजी से रौनक शर्मा को हिरासत में लिया गया है। बेगूसराय के मूल निवासी रौनक से किसी गोपनीय स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है।
शूटरों से आगे साजिश और हथियार सप्लायरों तक पहुंची जांच
पुलिस की जांच अब केवल शूटरों तक सीमित न रहकर वारदात की साजिश, हथियारों की आपूर्ति और पर्दे के पीछे सक्रिय नेटवर्क तक पहुंच गई है।
पढ़ाई के सिलसिले में आदित्यपुर आया रौनक बाद में स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आ गया था। रौनक बालू, ईंट और गिट्टी के कारोबार से जुड़ा है।
पुलिस एक स्थानीय बिल्डर सह राजनीतिक नेता की साइट की देखरेख और अमित नामक युवक से उसके संबंधों की जांच कर रही है।
एसआईटी ने रंजीत बैज हत्याकांड के आरोपी कुणाल शर्मा से भी पूछताछ की, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया।
3 शूटरों पर 1-1 लाख का इनाम घोषित
24 सितंबर को हुई इस वारदात में डोमनिक सैमसन, कृष्णा चौधरी, दिलशाद और रिजवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज टीएमएच में चल रहा है।
डोमनिक के बयान पर सोनारी थाने में मोहन यादव, अजीत मंडल और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन प्रमुख शूटरों पर एक-एक लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।
छत्तीसगढ़ से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ
मामले में छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किए गए टीटू शर्मा, शंकर मुंडा, मनोज दास और दीपू ओझा को जमशेदपुर लाकर लगातार पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा सोनारी थाने में मानगो के पंकज मिश्रा समेत नौ नामजद दागियों को भी हिरासत में रखकर कड़ाई से पूछताछ चल रही है।
मंगलवार को आरोपियों के जमशेदपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की गुप्त सूचना पर पूरे परिसर में सादे लिबास में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई थी।
हालांकि, शाम चार बजे तक किसी भी आरोपी के न पहुंचने पर पुलिस बल वापस लौट आया। पुलिस की कई टीमें वारदात में इस्तेमाल हथियार और वाहन की बरामदगी के लिए संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
