टाटा लीज नवीकरण से पहले उलझा 86 बस्तियों का पेंच: 17 साल से नहीं हुआ सर्वे, अधर में हजारों परिवारों का भविष्य
टाटा स्टील के लीज नवीकरण से पहले जमशेदपुर की 86 बस्तियों का मामला उलझ गया है, जहां 17 साल से कोई नया सर्वे नहीं हुआ है।

टाटा स्टील के लीज नवीकरण से पहले जमशेदपुर की 86 बस्तियों का उलझा मामला। (फाइल फोटो)
HighLights
टाटा स्टील लीज नवीकरण से पहले 86 बस्तियों का मुद्दा।
17 साल से बस्तियों का नया सर्वे नहीं हुआ।
हजारों परिवारों के आवास, जमीन के स्वामित्व पर अनिश्चितता।
मनोज सिंह, जमशेदपुर। टाटा स्टील की लीज अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी है। जबकि एक जनवरी 2027 को लीज नवीकरण का दिन प्रस्तावित है।
अब नए सिरे से लीज नवीकरण की प्रक्रिया के बीच शहर की 86 बस्तियों की जमीन का मामला सबसे अहम हो गया है। इन बस्तियों में हजारों परिवार रहते हैं।
उनके आवास, जमीन के स्वामित्व और भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब आज भी स्पष्ट नहीं है। वर्ष 2005 में हुए लीज नवीकरण समझौते के तहत इन 86 बस्तियों को टाटा लीज क्षेत्र से बाहर कर दिया गया था।
इसके लिए अलग से शेड्यूल ई-1 बनाया गया और कुल 449.63 हेक्टेयर जमीन सरकारी खाते में दर्ज की गई थी। वर्ष 2009 में इन बस्तियों का सर्वे कराया गया था। उस समय कुल 17,986 मकान चिह्नित किए गए थे। लेकिन लगभग 17 साल बाद भी इन इलाकों की जमीन की अद्यतन स्थिति सामने नहीं आ सकी है।
इस दौरान बस्तियों का विस्तार हुआ और बड़ी संख्या में नए निर्माण भी हुए। ऐसे में पुराने सर्वे के आंकड़ों के आधार पर वर्तमान आबादी और जमीन की स्थिति का आकलन करना मुश्किल है।
सिर्फ टाटा लीज क्षेत्र का हुआ सत्यापन
प्रशासनिक जानकारों के अनुसार, लीज अवधि समाप्त होने के बाद उपायुक्त की ओर से टाटा लीज क्षेत्र की जमीन के सत्यापन के लिए टीम गठित की गई थी।
इसमें जमशेदपुर, पोटका और डुमरिया अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक तथा अमीन शामिल थे। हालांकि, टीम ने टाटा लीज क्षेत्र का सत्यापन तो किया, लेकिन प्रत्येक भूखंड के वास्तविक स्वामित्व और उसकी वर्तमान प्रकृति का विस्तृत ब्योरा तैयार नहीं किया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि संबंधित जमीन में कितनी भूमि राज्य सरकार की है और कितनी वन विभाग के अधीन आती है। यदि किसी सरकारी विभाग की जमीन टाटा लीज में शामिल रही है तो क्या उसे शामिल करने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी? इसका स्पष्ट जवाब भी जरूरी है।
इसके अलावा आवासीय जमीन का उपयोग कहीं व्यावसायिक या अन्य श्रेणी में तो नहीं बदल गया, इसका भी अद्यतन रिकार्ड उपलब्ध होना चाहिए, जो नहीं है।
86 बस्तियों का दोबारा सर्वे जरूरी
लीज नवीकरण की प्रक्रिया में यह भी स्पष्ट करना होगा कि वर्ष 2005 में शेड्यूल से बाहर की गई 86 बस्तियों के सभी प्लाट को दोबारा जांचा गया है या नहीं।
नए लीज शेड्यूल से इन बस्तियों की जमीन पूरी तरह बाहर रखी गई है कि नहीं।इस बीच विकसित हुई नई बस्तियों की जमीन को किस श्रेणी में रखा गया है।इन सवालों का जवाब नए और विस्तृत सर्वे से ही मिल सकता है।
जमीन का खाता, खेसरा, रकबा, स्वामित्व और वर्तमान उपयोग दर्ज किए बिना लीज की सीमा तय करना विवाद की वजह बन सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्रत्येक भूखंड का राजस्व रिकॉर्ड से मिलान और संबंधित विभागों की अनुमति की जांच जरूरी है।
लीज नवीकरण के इस अहम दौर में 86 बस्तियों की जमीन का नए सिरे से सर्वे कराना जरूरी है। इससे न केवल जमीन के वास्तविक स्वामित्व और उपयोग की स्थिति स्पष्ट होगी, बल्कि हजारों परिवारों के आवास और भविष्य से जुड़े सवालों का समाधान निकालने में भी मदद मिलेगी।
86 बस्तियों में शामिल प्रमुख इलाके
- बिरसानगर : जोन नंबर एक से 10 तक।
- बारीडीह व आसपास : बारीडीह बस्ती, भोजपुर कालोनी, मिथिला कालोनी, बागुननगर और बागुनहातु।
- भुइयांडीह क्षेत्र : कानू भट्ठा, लाल भट्ठा, नागाडुंगरी, भुइयांडीह, निर्मलनगर, इंदिरा कॉलोनी, छायानगर, चंडीनगर, रघुवर नगर और भक्तिनगर।
- टेल्को, मनीफीट व अन्य इलाके : जेम्को महानंद बस्ती, लाल बाबा फाउंड्री, मछुआ टोला, प्रेमनगर, लक्ष्मीनगर, झागरुबागान, काशीडीह, बाबूडीह, कैलाशनगर, ईस्ट प्लांट बस्ती, शांतिनगर, कल्याणनगर, मोहरदा, कंचननगर, मनीफीट बस्ती, ग्वाला बस्ती, विद्यापतिनगर, देवनगर, अर्जुन कालोनी और कुष्ठ आश्रम सहित अन्य बस्तियां शामिल है।
लीज जमीन की स्थिति
- 31 दिसंबर 2025 - टाटा स्टील की लीज अवधि समाप्त।
- वर्ष 2005 - लीज नवीकरण समझौते में 86 बस्तियां शेड्यूल से बाहर।
- 449.63 हेक्टेयर - 86 बस्तियों की सरकारी खाते में दर्ज जमीन।
- वर्ष 2009 - बस्तियों का सर्वे कराया गया।
- 17,986 - सर्वे में दर्ज मकानों की संख्या।
- 86 बस्तियों को - लीज से बाहर की गई।
यह भी पढ़ें- सेबी के रडार पर टाटा स्टील-एपीएल अपोलो डील, छोटे निवेशकों के हितों से समझौता नहीं; तुहिन कांत पांडे ने क्या-क्या कहा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।