हजारीबाग में खुद 'बीमार' हुआ अर्बन हेल्थ सेंटर, 6 महीने से नहीं है दवा; डॉक्टर भी नहीं आते
हजारीबाग के अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, खासकर कोलघट्टी केंद्र, में पिछले छह माह से दवाओं की कमी और चिकित्सकों की अनुपस्थिति से मरीज परेशान हैं।

अर्बन हेल्थ सेंटर
HighLights
कोलघट्टी केंद्र पर छह माह से दवाएं उपलब्ध नहीं।
चिकित्सक अनुपस्थित, मरीज निराश होकर लौट रहे हैं।
महापौर ने दवाओं की निविदा प्रक्रिया जारी होने की बात कही।
संवाद सूत्र, हजारीबाग। शहर में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खुद बीमार व्यवस्था की कहानी बयां कर रहे हैं। कहीं दवाओं की कमी है, तो कहीं चिकित्सकों की अनुपस्थिति मरीजों की परेशानी बढ़ा रही है।
दैनिक जागरण की पड़ताल में कोलघट्टी स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र की ऐसी ही तस्वीर सामने आई। यहां पिछले छह माह से दवा उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि केंद्र पर सफाईकर्मी और एक एमपीडब्ल्यू मौजूद मिले, जबकि चिकित्सक ड्यूटी पर नहीं थीं।
दवा मांगते हैं मरीज, तो होती है परेशानी
दैनिक जागरण की पड़ताल के दौरान कोलघट्टी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर चिकित्सक मौजूद नहीं मिलीं। केंद्र में मौजूद सफाईकर्मी और एमपीडब्ल्यू से पूछताछ करने पर बताया गया कि पिछले छह माह से अस्पताल में एक भी दवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन दवा नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने के कारण मरीज दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों का रुख करने को मजबूर हैं। लोगों का सवाल है कि जब अस्पताल में चिकित्सक ही नहीं मिलेंगे और दवाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी, तो मरीजों का इलाज कैसे होगा।
गरीब और जरूरतमंद लोग नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर इस उम्मीद से पहुंचते हैं कि उन्हें सामान्य बीमारियों का इलाज और दवा मिल जाएगी, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
दवा नहीं है, इसलिए अस्पताल जाना उचित नहीं समझतीं डॉक्टर
केंद्र की चिकित्सक डॉ.जसदीप कौर से फोन पर संपर्क कर उनकी अनुपस्थिति के संबंध में पूछा गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पिछले छह माह से दवा नहीं है। वहां जाने पर मरीज दवा मांगते हैं और दबाव भी बनाते हैं। ऐसे में वह अस्पताल जाना उचित नहीं समझती हैं।
पांच कर्मियों की नियुक्ति, जीएनएम भी नहीं मिलीं
जानकारी के अनुसार, कोलघट्टी घाटी स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में पांच कर्मियों की नियुक्ति है। इसके बावजूद पड़ताल के दौरान चिकित्सक के साथ जीएनएम ज्योति टोप्पो भी केंद्र में मौजूद नहीं थीं। केंद्र पर सफाईकर्मी और एक एमपीडब्ल्यू ही मिले। इससे स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर के दस स्वास्थ्य केंद्रों में दवा की कमी
हजारीबाग शहरी क्षेत्र में कुल दस अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित हैं। इनमें कूद, पतरातू, कोहिनूर गली, शिवपुरी, कोलघट्टी, नौडीहा, जयप्रभा नगर, दीपूगढ़ा, लाखे और हुरहुरू स्थित केंद्र शामिल हैं।
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि यदि चिकित्सक या अन्य स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे हैं, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में दवा उपलब्ध कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी केंद्रों में दवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
