हजारीबाग के जंगल में मिला टस्कर हाथी का शव, मौत की वजह तलाश रहा वन विभाग
हजारीबाग के जोराकाठ जंगल में एक टस्कर हाथी का शव मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद वन विभाग ने ...और पढ़ें
HighLights
जोराकाठ जंगल में टस्कर हाथी का शव मिला।
वन विभाग ने हाथी की मौत की जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, चरही (हजारीबाग)। बड़कागांव वन क्षेत्र के जोराकाठ जंगल में बुधवार सुबह एक टस्कर हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने हाथी को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों और वन सुरक्षा समिति के सदस्यों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते हाथी की मौत की खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई।
सूचना मिलने पर बड़कागांव और चरही वन क्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम ने हाथी की मौत से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। घटना बड़कागांव वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण वहां के वन अधिकारियों ने मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी है। आगे की कार्रवाई विभागीय प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृत हाथी जिस झुंड का हिस्सा था, उसके अन्य हाथी भी आसपास के जंगलों में मौजूद हैं। ऐसे में जंगल से सटे गांवों के लोगों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि झुंड के हाथियों की आवाजाही से जन-धन की क्षति हो सकती है।
क्या होता है टस्कर हाथी?
टस्कर हाथी सामान्यतः लंबे और बाहर निकले दांतों वाले नर हाथी को कहा जाता है। हाथी के ये दांत वास्तव में उसके ऊपरी जबड़े के बढ़े हुए कृंतक दांत होते हैं, जिन्हें अंग्रेजी में टस्क कहा जाता है। इनका उपयोग हाथी पेड़ों की छाल हटाने, जमीन खोदने, आपसी संघर्ष और आत्मरक्षा में करता है। हालांकि, सभी नर हाथियों में लंबे बाहरी दांत नहीं होते हैं।
वन विभाग की टीम हाथी की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा जांच तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग की नजर आसपास के जंगलों में मौजूद हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर भी बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।