हजारीबाग में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में राहुल दुबे गैंग का सरगना तुषार मिश्रा घायल, घेराबंदी कर दबोचा
राहुल दुबे गैंग का सरगना तुषार मिश्रा पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में घायल हो गया।

AI के माध्यम से बनाई गई प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
तुषार मिश्रा ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया।
भागने की कोशिश में उसके पैर में गंभीर चोट आई।
एसपी अमन कुमार ने अस्पताल में तुषार से पूछताछ की।
विकास कुमार, हजारीबाग। राहुल दुबे गैंग के प्रमुख सरगनाओं में शामिल तुषार मिश्रा ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिसकर्मियों की तत्परता से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आई है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा को एक दिन पहले ही पुलिस रिमांड पर लाया गया था। देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान उसने भागने की कोशिश की।
उसके भागने का प्रयास करते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया। इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद पुलिस उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची।
एसपी ने की पुष्टि
घटना की पुष्टि देर रात पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने की। एसपी स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और कैदी वार्ड में भर्ती तुषार मिश्रा से पूछताछ की। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
मालूम हो कि तुषार मिश्रा राहुल दुबे गैंग के प्रमुख सरगनाओं में से एक है। हजारीबाग और रामगढ़ क्षेत्र में इस गैंग की ओर से लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है।
विशेषकर कारोबारियों और कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भय का माहौल बनाने तथा लेवी वसूली के लिए गोलीबारी की घटनाओं में गैंग का नाम सामने आता रहा है।
ऐसे में तुषार मिश्रा को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करना गैंग की आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क के खुलासे के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस उससे गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में पूछताछ कर रही है। पुलिस कस्टडी से भागने के प्रयास की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग में ऋत्विक माइनिंग के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन खोखा बरामद; राहुल दुबे के नाम का पर्चा मिलने से सनसनी