फेक करेंसी के तार तलाशने हजारीबाग पहुंची NIA, दो घरों में सात घंटे तक छापामारी
एनआईए ने हजारीबाग में नकली भारतीय मुद्रा नेटवर्क की जांच के लिए दो घरों पर सात घंटे तक छापामारी की। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
एनआईए ने हजारीबाग में फेक करेंसी नेटवर्क पर छापा मारा।
दो घरों में सात घंटे तक चली गहन तलाशी अभियान।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। फेक करेंसी के नेटवर्क की तलाश में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार तड़के हजारीबाग में बड़ी कार्रवाई की। बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू बाबा पथ स्थित सुभाष बारला मार्ग में एनआईए की सात सदस्यीय टीम ने एक साथ उदय साव और प्रदीप साव के घरों में छापामारी की।
कार्रवाई सुबह करीब तीन बजे शुरू हुई और लगभग सात घंटे तक चली। जिन दो ठिकानों पर दबिश दी गई, वे प्रदीप साव और उदय साव के बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच पारिवारिक संबंध होने की जानकारी सामने आई है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। एनआईए की टीम ने दोनों घरों को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर किसी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। यहां तक कि जिन घरों में छापामारी चल रही थी, वहां रहने वालों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई थी। जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने जांच एजेंसी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूरी कार्रवाई नकली भारतीय मुद्रा यानी फेक करेंसी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में की गई। हालांकि इस संबंध में एनआईए की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है।
छापामारी के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक प्रिंटर मशीन जब्त की है। इन्हें अपने साथ रांची ले जाया गया है। माना जा रहा है कि जब्त सामग्री की जांच से मामले से जुड़े कुछ अहम सुराग मिल सकते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित घरों में देर रात कुछ अज्ञात लोगों का आना-जाना होता था। हालांकि, वे लोग कौन थे और किस उद्देश्य से वहां आते थे, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। अब एनआईए की कार्रवाई के बाद इस गतिविधि को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
करीब सात घंटे तक चली इस गोपनीय कार्रवाई के बाद एनआईए की टीम बिना कोई विस्तृत जानकारी दिए लौट गई। अधिकारियों ने छापामारी के संबंध में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें- Exclusive: 7 साल की मन्नतों बाद जन्मी थी बेटी, पूर्वी दिल्ली के स्कूल में बेटी की मौत के बाद क्या बोले पिता?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।