विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में भारी बारिश का असर, कोनार डैम से छोड़ा गया 5000 क्यूसेक पानी

Published: Mon, 28 Sep 2026 08:47 AM (IST)

लगातार बारिश के कारण कोनार डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद 5000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि स्लीप वेल से ...और पढ़ें

कोनार डैम से 5000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। जागरण

कोनार डैम से 5000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ा गया। जागरण

संवाद सूत्र, विष्णुगढ़ (हजारीबाग)। लगातार हुई बारिश से डीवीसी कोनार डैम का जलस्तर बढ़ने के बाद शनिवार रात से 5000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। डैम से स्लीप वेल से पूर्व से ही 1122 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। बारिश जारी रहने से जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू की गई।

शनिवार को कोनार डैम का जलस्तर बढ़कर 1398.50 फीट पहुंच गया। डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 1405 फीट बताई गई है। इससे पहले शुक्रवार को जलस्तर 1398.40 फीट और गुरुवार को 1396 फीट दर्ज किया गया था। बताया गया कि डैम का रिजर्वायर एरिया करीब 6000 वर्ग फीट है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से डैम पर दबाव नहीं बढ़े, इसे देखते हुए पानी की निकासी की जा रही है।

तेज लहरों में टूटा मत्स्य पालक का केज मॉड्यूल

बारिश और तेज हवा का असर कोनार डैम में मत्स्य पालन पर भी पड़ा है। गोविंदपुर सीमा तक फैले डैम में मत्स्य पालक गणेश महतो के केज का मॉड्यूल तेज लहरों के कारण टूट गया। इससे केज में पल रही मछलियां निकलकर डैम के खुले पानी में चली गईं।

गणेश महतो ने बताया कि तेज हवा के कारण डैम में ऊंची लहरें उठ रही थीं। पानी में उतरकर केज तक पहुंचना संभव नहीं था। इसी दौरान तेज लहरों के दबाव से केज मॉड्यूल टूट गया।

जमुनिया डैम के ऊपर से बह रहा पानी

लगातार बारिश से विष्णुगढ़ के जमुनिया डैम का जलस्तर भी बढ़ गया है। पानी डैम के गेट के ऊपर से लगातार बह रहा है। जलस्तर बढ़ने के बावजूद गेट खोलने की जरूरत नहीं पड़ी है और पानी स्वत: गेट के ऊपर से निकल रहा है।

30 घंटे बाद लौटी बिजली, विसर्जन जुलूस के दौरान फिर बंद रही आपूर्ति

लगातार बारिश और तेज हवा के कारण गुरुवार रात से बाधित बिजली आपूर्ति शनिवार शाम करीब 30 घंटे बाद बहाल हुई। हालांकि मनसा जी की प्रतिमा विसर्जन जुलूस को देखते हुए एहतियातन फिर बिजली बंद कर दी गई। करीब छह घंटे तक विसर्जन जुलूस मुख्य मार्ग से गुजरता रहा। जुलूस समाप्त होने के बाद शनिवार रात करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति दोबारा बहाल की गई। 

यह भी पढ़ें- कोडरमा बनेगा टूरिज्म हब: 34 करोड़ लौटने के बाद भी जगी आस, ग्रेड-ए तिलैया डैम और ध्वजाधारी धाम से चमकेगी तकदीर

यह भी पढ़ें- कोडरमा का पंचखेरो डैम उफान पर, खतरे के बीच बच्चों का Video हुआ वायरल; तेज बहाव में ऐसे कर रहे मस्ती