विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर गांधी मैदान में जुटे छात्र, सरकार के खिलाफ बुलंद की आवाज

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:14 PM (IST)

हजारीबाग में छात्रों ने जेपीएससी-जेएसएससी में सुधार, लंबित बहाली पूरी करने और परीक्षा में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कथित परीक्षा गड़बड़ियों की सीबीआई जांच और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर हजारीबाग के गांधी मैदान में जुटे छात्र। (फोटो- जागरण)

JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर हजारीबाग के गांधी मैदान में जुटे छात्र। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. नियुक्ति कैलेंडर जारी करने, लंबित बहाली पूरी करने की मांग।

  2. स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता, आयु सीमा में छूट देने पर जोर।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। झारखंड में सरकारी नियुक्तियों की लंबित प्रक्रिया और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ रविवार को मटवारी स्थित गांधी मैदान में जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से प्रमंडल स्तरीय छात्र महापंचायत का आयोजन किया गया।

महापंचायत में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभ्यर्थी जुटे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद छात्रों ने एकजुट होकर राज्य में नियुक्ति व्यवस्था में सुधार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को वर्षों तक नियुक्तियों का इंतजार करना पड़ रहा है।

परीक्षाओं में देरी और नियुक्ति प्रक्रिया में अनिश्चितता के कारण अभ्यर्थियों के सामने उम्र सीमा समाप्त होने का संकट भी खड़ा हो रहा है। सरकार को युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए ठोस निर्णय लेना चाहिए।

नियुक्ति कैलेंडर जारी करने की मांग

महापंचायत में सरकार के समक्ष कई मांगें रखी गईं। छात्रों ने जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया में सुधार करते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। दारोगा (एसआई), जिला पुलिस, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), सहायक आचार्य, टीजीटी-पीजीटी, एलडीसी और अन्य तकनीकी पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही रिक्त पदों पर नए विज्ञापन जारी करने और सभी विभागों की नियुक्तियों के लिए स्पष्ट एवं समयबद्ध कैलेंडर जारी करने पर जोर दिया गया।

स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और आयु सीमा में छूट

छात्रों ने झारखंड के युवाओं को सरकारी नियुक्तियों में प्राथमिकता देने और उन्हें अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने का भी मुद्दा उठाया गया। वक्ताओं का कहना था कि नियुक्तियों में लगातार हो रही देरी का खामियाजा राज्य के उन युवाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

सीबीआई जांच और छात्रवृत्ति भुगतान का मुद्दा उठा

महापंचायत में जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल समेत अन्य परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई। छात्रों ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रखना सरकार की जिम्मेदारी है। वहीं, लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान अविलंब करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। 

यह भी पढ़ें- 10 साल से चल रही एक्सप्रेस ट्रेनें, हजारीबाग स्टेशन पर अब तक नहीं मिला ठहराव; सांसद से पुनः पहल करने की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।