Jharkhand SIR: हजारीबाग में 3.76 लाख मतदाताओं को मिला नोटिस, ऑनलाइन सुनवाई कर रहा चुनाव आयोग
हजारीबाग में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत दावे और आपत्तियों का निष्पादन जारी है, जिसमें डीसी की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई।

उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक। फोटो जागरण
HighLights
मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 के तहत दावे-आपत्तियों का निष्पादन जारी।
हजारीबाग में 3.76 लाख से अधिक नोटिस जारी, दस्तावेज अपलोड।
बुजुर्ग मतदाताओं के लिए रिवर्स मैपिंग का विशेष प्रावधान।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Jharkhand SIR) कार्यक्रम 2026 के तहत जिले में दावे और आपत्तियों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है।
सोमवार को उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और अद्यतन स्थिति की जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि नो मैपिंग और विसंगति वाले मामलों में जारी नोटिस के बाद संबंधित मतदाताओं की ऑनलाइन सुनवाई शुरू हो गई है।
बीएलओ घर-घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र कर ईसीआईनेट पर अपलोड कर रहे हैं। मतदाताओं को सुनवाई के लिए ईआरओ या एईआरओ कार्यालय बुलाने की आवश्यकता नहीं है।
बुजुर्गों के लिए रविर्स मैपिंग का प्रावधान
जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल 3,76,795 नोटिस जारी हुए हैं। इनमें 2,97,021 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 1,16,147 मामलों में दस्तावेज अपलोड किए गए हैं।
अभी 2,60,648 मामले लंबित हैं। दावे और आपत्ति चरण में अब तक 78,779 प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए पांच अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाया गया।
सुबह 11 से शाम चार बजे तक प्रपत्र छह भरवाए गए और डिजिटाइजेशन कराया गया। वृद्ध मतदाताओं के दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर संतान के दस्तावेज से रिवर्स मैपिंग द्वारा सत्यापन का प्रावधान है। मतदाता सहायता के लिए हेल्प डेस्क और 1950 टोल फ्री नंबर उपलब्ध है।
