विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ की तरह ही खास है इतवारी छठ, सुहाग की रक्षा और सुख-समृद्धि के लिए महिलाओं ने रखा 24 घंटे का निर्जला व्रत

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:09 AM (IST)

केरेडारी में व्रतियों ने इतवारी छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया, जिससे सुहाग, धन, वंश और वैभव की प्राप्ति होती है। यह पर्व छठ महापर्व के समान ही महत्वपूर्ण है और प्रकृति व कृषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है।

हजारीबाग में इतवारी छठ। (फोटो- जागरण/Google)

हजारीबाग में इतवारी छठ। (फोटो- जागरण/Google)

HighLights

  1. व्रतियों ने इतवारी छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

  2. इस व्रत से सुहाग, धन, वंश और वैभव की प्राप्ति होती है।

संवाद सूत्र, केरेडारी (हजारीबाग)। प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों जलाशयों में रविवार को व्रतियों ने इतवारी छठ के अवसर पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही विधि-विधान से पर्व का समापन हुआ। इतवारी छठ का महत्व भी छठ महापर्व के समान ही माना जाता है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से सुहाग की रक्षा के साथ धन, वंश और वैभव की प्राप्ति होती है।

मान्यता के अनुसार, छठ महापर्व करने वाली महिलाएं प्रथम इतवार को भी 24 घंटे का निर्जला उपवास रखती हैं और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इससे पूर्व व्रती नहाय-खाय और खरना की रस्म पूरी करती हैं। छठ महापर्व की तरह ही इतवारी छठ में भी सभी धार्मिक अनुष्ठान और पूजन विधि-विधान से संपन्न किए जाते हैं। व्रतियों में इस पर्व को लेकर विशेष आस्था रहती है।

कार्तिक और चैत माह में मनाया जाता है छठ

छठ महापर्व मूल रूप से प्रकृति की उपासना का पर्व है। इस दौरान व्रती खेतों की मिट्टी और गोबर को भी सिंदूर एवं अन्य पूजन सामग्रियों से पूजती हैं। मान्यता है कि कार्तिक माह में खरीफ की फसल पूरी तरह तैयार हो जाती है। इस दौरान प्रकृति से प्राप्त नए फल और अनाज भगवान सूर्य को अर्पित किए जाते हैं। प्रकृति की अनुपम सौगात के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए छठ पर्व मनाया जाता है।

इसी प्रकार चैत माह में रबी फसल तैयार होने पर भी छठ पर्व का आयोजन किया जाता है। इस दौरान नई फसल और मौसमी फल भगवान भास्कर को अर्पित किए जाते हैं। प्रकृति में होने वाले मौसमी बदलाव और कृषि चक्र में सूर्य के प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेती से जहां मानव जीवन के लिए अनाज मिलता है, वहीं वर्षा से जल की प्राप्ति होती है। इस प्रकार छठ पर्व प्रकृति, कृषि और सूर्य उपासना के प्रति आस्था एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। 

यह भी पढ़ें- देव दीवाली पर लखवरी दीपक का क्या है महत्व? एक दीपक से कैसे मिलता है लाख दीपकों का फल, जानिए पूरी परंपरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।