विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग में अगवा मैनेजर को पुलिस ने चंद घंटों में छुड़ाया, पांच अपहरणकर्ता गिरफ्तार

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:40 AM (IST)

हजारीबाग के चरही में एनईपीएल कंपनी के मैनेजर भास्कर कुमार का अपहरण कर लिया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई ...और पढ़ें

अपहरण में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जागरण

अपहरण में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। जागरण

HighLights

  1. मैनेजर भास्कर कुमार का चरही में अपहरण हुआ था।

  2. अपहरण में शामिल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र में अपहरण की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों के मंसूबों पर जिला पुलिस ने पानी फेर दिया। साउथ तापिन सीसीएल परियोजना में कार्यरत एनईपीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के मैनेजर 35 वर्षीय भाष्कर कुमार का अपराधियों ने शनिवार रात करीब 8.30 बजे अपहरण कर लिया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विशेष टीम गठित की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी अनुसंधान के कारण अपहृत मैनेजर को चंद घंटों के भीतर सकुशल मुक्त करा लिया गया। वहीं अपहरण में शामिल सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया था। काले रंग की क्रेटा कार और दो स्कार्पियो से पहुंचे अपराधियों ने मैनेजर को जबरन वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया।

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहनों की पहचान की। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने छापामारी शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र से काले रंग की स्कार्पियो संख्या जेएच02एयू 4625 तथा चंदवारा थाना क्षेत्र से क्रेटा कार संख्या जेएच02बीके 3586 बरामद की। इसके बाद चंदवारा थाना क्षेत्र से अपहृत भास्कर कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपहरण में शामिल पांच आरोपितों को भी दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में चौपारण थाना क्षेत्र के भटबिगहा निवासी राजेश यादव, इचाक थाना क्षेत्र के जमुआरी निवासी विक्की कुमार, इचाक थाना क्षेत्र के दाढ़ीघाघर निवासी आनंद कुमार महतो, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ासी निवासी दिलीप प्रसाद महतो तथा इचाक थाना क्षेत्र के अलौंजा खुर्द निवासी मनीष कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपितों के पास से एक स्कार्पियो, एक क्रेटा कार और एक पेन ड्राइव बरामद किया है। इस मामले में चरही थाना कांड संख्या 88/26 दिनांक एक नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़, चरही थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, आंगो थाना प्रभारी दीपक कुमार सहित चरही थाना के पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। 

यह भी पढ़ें- न कोई विमान, न कोई आवाज... हजारीबाग में आसमान से गिरा चमकता डिवाइस; देखकर दंग रह गए ग्रामीण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।