छोटे शहर से बड़े पर्दे का सफर: 'रामायण' फिल्म में दिखेगी हजारीबाग की बेटी, श्यामक डावर की टीम का हिस्सा
हजारीबाग की बेटी ज्योति गुप्ता को बॉलीवुड फिल्म 'रामायण' में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करने का अवसर मिला है।

ज्योति गुप्ता। फोटो जागरण
HighLights
ज्योति गुप्ता को बॉलीवुड फिल्म 'रामायण' में अवसर मिला।
श्यामक डावर की कंपनी के माध्यम से मिली यह उपलब्धि।
हजारीबाग की बेटी ने नृत्य में दिखाया अपना हुनर।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। मेहनत, लगन और परिवार का सहयोग हो तो छोटे शहरों से भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। इसे सच कर दिखाया है
हजारीबाग की बेटी ज्योति गुप्ता ने। ज्योति को बॉलीवुड फिल्म 'रामायण' में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करने का अवसर मिला है। श्यामक डावर की डांस कंपनी के माध्यम से उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है।
ज्योति को स्कूली दिनों से ही उनकी रुचि नृत्य में थी। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर उन्होंने कई पुरस्कार भी जीते। संत कोलंबा कॉलेज से हिंदी ऑनर्स में स्नातक की पढ़ाई पूरी की।
लॉकडाउन में खुला किस्मत का ताला
लॉकडाउन के दौरान तरंग ग्रुप की ऑनलाइन नृत्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी दौरान उन्हें प्रसिद्ध कोरियोग्राफर श्यामक डावर के आधिकारिक पेज से एक वर्षीय डांस प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी मिली।
इस दौरान उन्होंने बैले, जैज, कंटेम्पररी, हिप-हॉप, क्लासिकल, लैटिन और फोक डांस के साथ श्यामक डावर की विशेष डांस शैली सीखी।
उनकी मेहनत का परिणाम तब मिला, जब श्यामक डावर कंपनी की ओर से फिल्म ''रामायण'' में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम करने का अवसर प्राप्त हुआ।
कई एक्टर के साथ कर चुकी हैं काम
फिल्म के सेट पर उन्हें अभिनेता यश, विवेक ओबेरॉय और अभिनेत्री रकुल प्रीत से मिलने का अवसर भी मिला। ज्योति को श्यामक डावर कंपनी की ओर से टाइम्स ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित नृत्य नाटिका में भी उन्हें काम करने का अवसर मिला।
ज्योति अपनी सफलता का श्रेय माता सुधा गुप्ता, पिता शिव रतन लाल गुप्ता और पूरे परिवार के सहयोग को देती हैं। वह अपनी सफलता के लिए भगवान श्री राधा-कृष्ण के प्रति भी आभार व्यक्त करती हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर तरंग ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता, आर्ट एंड कल्चरल ट्रस्ट के सचिव प्रदीप पाठक, अध्यक्ष रामकिशोर सावंत, सदर विधायक के संस्कृति प्रतिनिधि सुबोध आकाश सिन्हा, प्रह्लाद सिंह सहित संस्कार भारती के सदस्यों एवं शहर के रंगकर्मियों ने बधाई दी है।