विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग: इलाज के नाम पर पिता से लिए 6 हजार, सुबह सुनाई मौत की खबर; नशामुक्ति केंद्र पर पिटाई का आरोप

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:39 PM (IST)

हजारीबाग के एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने केंद्र पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। 

हजारीबाग में नशामुक्ति केंद्र पर पिटाई का आरोप (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

हजारीबाग में नशामुक्ति केंद्र पर पिटाई का आरोप (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. हजारीबाग नशामुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।

  2. परिजनों ने केंद्र स्टाफ पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया।

  3. केंद्र ने आरोपों को खारिज कर तबीयत बिगड़ने का दावा किया।

संवाद सूत्र, हजारीबाग। नशे की लत छुड़ाने और बेटे का जीवन संवारने की उम्मीद में परिजनों ने उसे नशामुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। परिवार को भरोसा था कि इलाज और देखभाल से बेटा नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर नई जिंदगी शुरू करेगा, लेकिन करीब 22 दिन बाद उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। 

परिजनों ने नशामुक्ति केंद्र के संचालकों और कर्मचारियों पर मारपीट व अमानवीय व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, केंद्र के स्टाफ ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया था।

मामला कन्हरी पहाड़ के समीप एनएच-33 पर संचालित जन कल्याण नशामुक्ति केंद्र का है। परिजनों के अनुसार, युवक को छह नवंबर को केंद्र में भर्ती कराया गया था। करीब 20 से 22 दिनों तक वह केंद्र में रहा। इसके बाद उसकी तबीयत खराब होने की सूचना परिवार को दी गई। परिजन जब तक अस्पताल पहुंचते, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

इलज के नाम पर मांगे गए पैसे, पिता ने भेजे छह हजार रुपये

मृतक के पिता का आरोप है कि केंद्र की ओर से फोन कर बेटे की तबीयत खराब होने और इलाज कराने की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इलाज में करीब 6300 रुपये खर्च हुए हैं। इसके बाद पिता ने ऑनलाइन माध्यम से छह हजार रुपये भेज दिए। 

WhatsApp Image 2026-11-28 at 1.01.15 PM

मृत युवक (सौ. परिजन)

उनका कहना है कि बेटे की वास्तविक स्थिति और इलाज के संबंध में उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी गई। सुबह फोन कर मिशन अस्पताल पहुंचने को कहा गया, लेकिन अस्पताल जाने के दौरान ही बेटे की मौत की सूचना मिल गई।

परिजनों ने सवाल उठाया कि जब युवक की स्थिति गंभीर थी तो उन्हें समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। उसे किस अस्पताल में और किस परिस्थिति में ले जाया गया, इसकी जानकारी भी स्पष्ट रूप से नहीं दी गई।

शरीर पर चोट के निशान, मारपीट करने का आरोप

परिजनों ने केंद्र के भीतर युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मृतक के पैर, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि नशा छुड़ाने के नाम पर केंद्र में भर्ती मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता था। एक अन्य युवक के बयान और कथित वॉयस रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए परिजनों ने मरीजों की पिटाई और प्रताड़ना की बात कही है।

मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि बेटे को स्वस्थ होकर घर लौटने की उम्मीद में केंद्र भेजा था, लेकिन उसकी लाश घर पहुंची। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, केंद्र को बंद कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

केंद्र के स्टाफ ने कहा, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए थे

दूसरी ओर, केंद्र के सीनियर स्टाफ ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और किसी मरीज के साथ मारपीट या प्रताड़ना नहीं की जाती है। स्टाफ के अनुसार, घटना से एक दिन पहले युवक की तबीयत खराब हुई थी। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई थी। इसके बाद उसे नवाबगंज स्थित पूनम अस्पताल ले जाया गया, जहां दो से तीन घंटे तक जांच और इलाज हुआ। चिकित्सकों की सलाह पर दवा और इंजेक्शन देने के बाद उसे वापस केंद्र लाया गया।

स्टाफ का दावा है कि इलाज और खर्च की जानकारी परिजनों को मोबाइल पर दी गई थी। शाम को युवक की उसके बेटे से फोन पर बात भी कराई गई थी। अगले दिन सुबह करीब साढ़े चार से पौने पांच बजे के बीच फिर उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर उसे पहले पूनम अस्पताल और फिर मिशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- हजारीबाग में नो एंट्री के बावजूद दौड़ रहे भारी वाहन, हाईवा की टक्कर से बाइक सवार की मौत


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।