विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शव लेकर बनारस जा रहे वाहन को ट्रेलर ने मारी टक्कर, हजारीबाग में पांच की मौत; एक दर्जन से अधिक घायल

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:49 AM (IST)

हजारीबाग की दनुआ घाटी में शव लेकर बनारस जा रहे सवारी वाहन को ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। ...और पढ़ें

HighLights

  1. चौपारण की दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा हुआ।

  2. हादसे में पांच लोगों की मौत और एक दर्जन से अधिक घायल।

जागरण संवाददाता, चौपारण (हजारीबाग)। हजाराबाग के जीटी रोड की दनुआ घाटी एक बार फिर मौत की घाटी साबित हुई। दीपावली के अगले दिन सोमवार सुबह करीब 10 बजे महानेटांड कट के समीप भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, बगोदर प्रखंड के अटका से करीब डेढ़ दर्जन लोग एक सवारी गाड़ी पर सवार होकर शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बनारस जा रहे थे। दनुआ घाटी के महानेटांड कट के समीप वाहन के ऊपर रखा शव अचानक हिलने लगा और उसे बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई।

बताया जाता है कि सवारी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर यात्री रस्सी ठीक करने में जुटे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने सवारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इसी बीच पीछे से आ रहा कोयला लदा एक ट्रक भी दुर्घटनाग्रस्त सवारी गाड़ी से टकराकर सड़क किनारे घाटी में पलट गया। इससे घटनास्थल पर स्थिति और भयावह हो गई।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार और नितिन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों के पहुंचते ही अफरा-तफरी मच गई। सीमित चिकित्सकीय संसाधनों के कारण घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। घायलों की संख्या अधिक होने से एंबुलेंस की कमी भी बड़ी समस्या बन गई। आपदा मित्रों और 108 एंबुलेंस की मदद ली गई, लेकिन पर्याप्त वाहन उपलब्ध नहीं होने से राहत कार्य प्रभावित हुआ।

करीब तीन घंटे तक अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर दनुआ घाटी में सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की बदहाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में बड़ा सड़क हादसा: घर के बरामदे में घुसी कार, 2 बच्चों और महिलाओं समेत 6 को रौंदा; 4 की हालत गंभीर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।