पूर्णिया में बड़ा सड़क हादसा: घर के बरामदे में घुसी कार, 2 बच्चों और महिलाओं समेत 6 को रौंदा; 4 की हालत गंभीर
Purnia Kasba Road Accident: पूर्णिया के कसबा में एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घर के बरामदे में जा घुसी, जिससे ...और पढ़ें

Purnia Kasba Road Accident: पूर्णिया के कसबा में बेकाबू कार घर में घुसी, बरामदे में बैठे 6 लोगों को रौंदा; 4 की हालत गंभीर
HighLights
कसबा में तेज रफ्तार अनियंत्रित कार घर में जा घुसी।
हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चों सहित छह लोग घायल हुए।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त की, मामले की जांच जारी है।
संवाद सूत्र, कसबा (पूर्णिया)। Purnia Kasba Road Accident: पूर्णिया जिले के कसबा नगर परिषद क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। वार्ड संख्या-7 स्थित गढ़बनैली हाई स्कूल के समीप एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे बने घर में जा घुसी। इस बेकाबू कार ने घर के बरामदे में बैठे लोगों को सीधे तौर पर रौंद दिया। हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को आनन-फानन में कसबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बरामदे में बैठे लोगों को कुचला, खड़ी गाड़ी और पेड़ से टकराई कार
घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी रेखा देवी ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब 7 बजे कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 11 BL 2121) कसबा की ओर से तेज रफ्तार में एनएच-27 की तरफ जा रही थी। गढ़बनैली हाई स्कूल के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे सड़क किनारे स्थित सुनीता देवी के मकान में जा घुसी।
-1794204224426.webp)
कार ने सबसे पहले बरामदे में सुबह की धूप में बैठे परिवार के सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद बेकाबू कार घर के परिसर में खड़ी एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मारते हुए घर के ढांचे को क्षतिग्रस्त कर आगे बढ़ी और अंत में एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग जोरदार आवाज सुनकर सहम गए।
चार गंभीर घायलों का चल रहा इलाज, दो की स्थिति स्थिर
इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में 55 वर्षीय सुनीता देवी, चार वर्षीय मासूम आर्यन कुमार, गुलशन कुमार और राहुल कुमार शामिल हैं, जिन्हें हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद निजी अस्पताल में गहन चिकित्सा में रखा गया है। वहीं हादसे में घायल दो वर्षीय बच्ची लाडली कुमारी और 24 वर्षीय अनोखी देवी को भी चोटें आई हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त, जांच में जुटी कसबा पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही कसबा थाना पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। मामले की जानकारी देते हुए कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है। चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस पूरे मामले की विधिवत छानबीन कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।