FB पर पत्नी के साथ रील डालकर लिखा- 'कभी गम न देना...', 1 घंटे बाद पसरा मातम! पूर्णिया में सौरा नदी में गिरी फॉर्च्यूनर
Purnia Car Accident : पूर्णिया के प्रतिष्ठित व्यवसायी बबलू विश्वास की करवाचौथ की शाम सौरा नदी में कार गिरने से ...और पढ़ें

Purnia Car Accident :
HighLights
पूर्णिया व्यवसायी बबलू विश्वास की कार नदी में गिरी।
करवाचौथ की शाम FB पोस्ट के बाद हुआ हादसा।
सौरा नदी में डूबने से हुई दर्दनाक मौत।
संवाद सूत्र, पूर्णिया। Purnia Car Accident : "कभी गम न देना खुशी देने वाले, मुझे प्यार की जिंदगी देने वाले..."—करवाचौथ की पावन शाम अपनी जीवनसंगिनी के लिए सोशल मीडिया पर यह भावुक गीत साझा करते हुए पूर्णिया के जाने-माने व्यवसायी विनय कुमार उर्फ बबलू विश्वास (50 वर्ष) ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि यह उनका आखिरी पैगाम साबित होगा।
पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखकर चांद के दीदार और उनके घर लौटने की राह देख रही थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। फेसबुक पर यह पोस्ट डालने के ठीक एक घंटे बाद उनकी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी पुल की रेलिंग तोड़कर सीधे सौरा नदी के अथाह जल में समा गई, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
-1793340296371.webp)
इस हृदयविदारक हादसे ने करवाचौथ के त्योहार की खुशियों को चीख-पुकार और मातम में तब्दील कर दिया। बबलू विश्वास शहर के प्रतिष्ठित रेनॉल्ट (Renault) कार शोरूम के मालिक थे और राजनीतिक व सामाजिक हलकों में बेहद लोकप्रिय थे।
शाम 6 बजे डाला प्यार भरा पोस्ट, 7 बजे बुझ गया जीवन का दीप
हादसे से ठीक एक घंटे पहले तक बबलू विश्वास सोशल मीडिया पर पूरी तरह सक्रिय थे। गुरुवार को करवाचौथ का महापर्व था। शाम करीब छह बजे उन्होंने फेसबुक पर अपनी धर्मपत्नी के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर और रील पोस्ट की। बैकग्राउंड में बज रहे गीत के बोल थे— "कभी गम न देना खुशी देने वाले..."।
-1793340012041.webp)
उनके परिचित और मित्र इस पोस्ट पर बधाई और प्रतिक्रियाएं दे ही रहे थे कि ठीक सात बजे सौरा नदी से आई मनहूस खबर ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि जो शख्स एक घंटे पहले मुस्कराता चेहरा दिखा रहा था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा।
-1793340594004.webp)
पैतृक गांव से घर लौट रहे थे, कप्तान पुल पर हुआ हादसा
घटनाक्रम के अनुसार, व्यवसायी बबलू विश्वास अपने पैतृक गांव डगरूआ प्रखंड के कोचैली गए हुए थे। शाम को वह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी खुद चलाकर शहर स्थित प्रभात कॉलोनी स्थित अपने आवास लौट रहे थे।
गाड़ी जैसे ही शहर के लाइन बाजार स्थित कप्तान पुल पर पहुंची, अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर पुल की मजबूत लोहे और कंक्रीट की रेलिंग को तोड़ती हुई सीधे नीचे सौरा नदी में जा गिरी। गाड़ी गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और पानी का भारी फव्वारा उठा।
-1793339825452.webp)
गोताखोरों ने निकाला बाहर
हादसा होते ही आसपास के लोग और लाइन बाजार के स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, एसडीपीओ और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद नदी के गहरे पानी में डूबी फॉर्च्यूनर से बबलू विश्वास को बाहर निकाला गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
उन्हें आनन-फानन में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड के चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएसपी अभिनव पराशर ने पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में केवल एक ही व्यक्ति सवार था, जिन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत पाया गया।
-1793339933393.webp)
पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा पहुंचे GMCH
मृतक बबलू विश्वास पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के बेहद करीबी थे। घटना की भनक लगते ही पूर्व सांसद सीधे जीएमसीएच पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। भावुक होते हुए पूर्व सांसद ने कहा, बबलू मेरे परिवार के सदस्य जैसे थे। उनका इस तरह असमय चले जाना मेरे और पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
शोक की लहर
इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार से उनका सहारा छीन लिया है। बबलू विश्वास अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। करवाचौथ की रात घटी इस दर्दनाक घटना से पूरे पूर्णिया शहर और व्यापारिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है।
