हजारीबाग में जेवर कारोबारी के घर डकैती, 5 हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटे लाखों के गहने
चौपारण में पांच हथियारबंद अपराधियों ने जेवर व्यवसायी राजेश स्वर्णकार के घर सह दुकान पर धावा बोलकर लाखों के सोने-चांदी ...और पढ़ें

पांच हथियारबंद अपराधियों ने जेवर व्यवसायी के घर धावा बोला। जागरण
HighLights
पांच हथियारबंद अपराधियों ने जेवर व्यवसायी के घर धावा बोला।
परिवार को बंधक बनाकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषण लूटे।
संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायियों को लगातार निशाना बनाए जाने से कारोबारियों में भय का माहौल है। शुक्रवार की देर रात करीब डेढ़ बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने लराही रोड स्थित जेवर व्यवसायी राजेश स्वर्णकार के आवास सह दुकान में धावा बोल दिया।
अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर दुकान के लॉकर से सोने-चांदी के लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए। वारदात के दौरान अपराधियों ने व्यवसायी के साथ मारपीट भी की।
जानकारी के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे पांच की संख्या में हथियारबंद अपराधी घर का बाहरी दरवाजा तोड़कर परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद घर में मौजूद व्यवसायी की पत्नी और दो बेटों को कब्जे में लेकर एक कमरे में बांध दिया। अपराधियों ने व्यवसायी राजेश स्वर्णकार को भी अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें दुकान में ले जाकर लॉकर खुलवाया।
लॉकर खोलने में देरी होने पर अपराधियों ने व्यवसायी के साथ मारपीट की। इसके बाद लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर सभी अपराधी फरार हो गए। वारदात के बाद अपराधियों ने व्यवसायी को भी बांध दिया। पड़ोसी के मकान का बाहरी दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया था। अपराधी घर से दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।
इनमें से एक मोबाइल बाद में घर से कुछ दूरी पर बाहरी क्षेत्र से बरामद किया गया। अपराधियों के जाने के बाद परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को मुक्त किया और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने पुलिस टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।
इधर, घटना के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य काफी सहमे हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी भुनेश्वर यादव, पंचायत समिति सदस्य सहदेव यादव, मुखिया वीरेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पीड़ित के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
