जमुई में ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़ 13.95 लाख की चोरी; 26 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी और 1.95 लाख नकद ले उड़े चोर
Jamui Jewellery Shop Theft : जमुई के मनीअड्डा चौक स्थित 'जितेंद्र ज्वेलर्स' में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर ...और पढ़ें

जमुई के मनीअड्डा चौक स्थित 'जितेन्द्र ज्वेलर्स' में चोरी।
HighLights
जमुई में जितेंद्र ज्वेलर्स से 13.95 लाख रुपये की चोरी।
चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
26 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी, 1.95 लाख नकद चोरी।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Jewellery Shop Theft : नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मनीअड्डा चौक स्थित 'जितेन्द्र ज्वेलर्स' में शुक्रवार की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए दुकान का शटर तोड़कर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की तिजोरी और शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ गल्ले में रखे 1.95 लाख रुपये नकद समेत करीब 13 लाख 95 हजार रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर फरार हो गए।
इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र के व्यवसायियों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है। धर्मपुर निवासी जितेन्द्र राम मनीअड्डा चौक पर लंबे समय से जितेन्द्र ज्वेलर्स के नाम से सोने-चांदी के जेवरात की दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे।
पुलिस को दिए लिखित आवेदन में पीड़ित दुकानदार ने बताया कि देर रात अज्ञात चोरों ने सुनसान इलाके का फायदा उठाकर दुकान का मजबूत शटर चाड़कर (तोड़कर) अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने पूरी इत्मीनान से दुकान में रखे 26 ग्राम सोने के जेवर (अनुमानित मूल्य 3.90 लाख रुपये) और करीब तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण (अनुमानित मूल्य 5.10 लाख रुपये) समेट लिए।
ग्राहकों के आभूषण और गल्ले की नकदी भी ले उड़े चोर
चोरों ने न केवल दुकानदार के निजी स्टॉक को निशाना बनाया, बल्कि दुकान में ऑर्डर और मरम्मत के लिए ग्राहकों द्वारा रखे गए करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी गायब कर दिए। इसके अतिरिक्त गल्ले का ताला तोड़कर उसमें रखे 1.95 लाख रुपये नकद भी समेट लिए। दुकानदार के अनुसार, कुल मिलाकर करीब 13.95 लाख रुपये की संपत्ति की चोरी हुई है।
शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर दुकान के टूटे हुए शटर पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना फोन पर जितेन्द्र राम को दी। सूचना मिलते ही जितेन्द्र राम अपनी पत्नी सरिता देवी के साथ बदहवास हालत में दुकान पहुंचे। वहां बिखरा सामान, टूटा शटर और खाली गल्ला देखकर दोनों स्तब्ध रह गए।
डायल 112 व नगर थाना पुलिस मौके पर
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने आपातकालीन सेवा डायल 112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और नगर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने आसपास की दुकानों व मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को सुरक्षित कर लिया है और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल शुरू कर दी है।
CCTV खंगालने में जुटी टीम
नगर थाना पुलिस ने बताया कि दुकानदार के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। फॉरेंसिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों के गिरोह को चिह्नित कर जल्द गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू किया गया है।
