एक हजार रुपये में बेचते थे एक पुड़िया, हजारीबाग में ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार; कार जब्त
हजारीबाग के बड़कागांव में पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर, एक कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

हजारीबाग में ब्राउन शुगर के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार (सौ. जागरण)
HighLights
बड़कागांव में पांच युवक ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार।
करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर और वाहन जब्त किए गए।
आरोपित एक पुड़िया हजार रुपये में बेचते थे।
जागरण संवाददाता, हजारीबाग। बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन करने के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 23 पुड़िया में पैक करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि दमदाही पुल के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए आने वाले हैं।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थान की घेराबंदी की।

डिजायर कार पुलिस ने की जब्त (सौ. जागरण)
इसी दौरान एक सफेद कार और मोटरसाइकिल से कुछ युवक वहां पहुंचे। पुल के पास बैठकर वे आपस में लेन-देन कर रहे थे और कागज की पुड़िया बना रहे थे। पुलिस को अपनी ओर आते देख सभी भागने लगे। हालांकि, छापेमारी दल ने पांच युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 23 पुड़िया में करीब 11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
एक पुड़िया बेचते थे एक हजार रुपये में
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बड़कागांव क्षेत्र में ब्राउन शुगर की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे। एक पुड़िया की कीमत एक हजार रुपये लेते थे। इससे मुनाफा कमाने के साथ स्वयं भी इसका सेवन करते थे। घटना के दिन भी वे ब्राउन शुगर बेचने के लिए दमदाही पुल के पास पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम
गिरफ्तार आरोपितों में मो. आफताब आलम (23), पिता मो. अख्तर, ग्राम सिकरी; मो. राजन अंसारी (26), पिता मो. एनुल हक, ग्राम डाड़ी कला; मो. अल्ताफ हुसैन (20), पिता मो. अरशद अली, ग्राम डाड़ी कला; रविंद्र कुमार महतो (27), पिता केदार महतो, ग्राम खैरातरी और पवन कुमार (25), पिता स्व. बालदेव महतो, ग्राम चामगढ़ा शामिल हैं। सभी हजारीबाग जिले के निवासी हैं।
छापेमारी दल में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राकेश ख्वास, सहायक अवर निरीक्षक सूरज कुमार मोदी सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें- हजारीबाग के होटल में शादी के बीच तड़तड़ाईं गोलियां, पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की मौत; आनन-फानन में विदा हुए दूल्हा-दुल्हन