मेहनत के आगे झुका मुश्किलों का पहाड़, गुमला की प्रगति ने UGC NET इंग्लिश परीक्षा पास कर रचा नया मुकाम
बसिया अनुमंडल की प्रगति कुमारी ने यूजीसी नेट इंग्लिश परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया ...और पढ़ें

प्रगति कुमारी ने यूजीसी नेट इंग्लिश परीक्षा में सफलता हासिल की। जागरण
HighLights
प्रगति कुमारी ने यूजीसी नेट इंग्लिश परीक्षा में सफलता हासिल की।
उन्होंने बसिया अनुमंडल और अपने परिवार का मान बढ़ाया।
संवाद सूत्र, बसिया (गुमला)। कहते हैं, सपने छोटे-बड़े नहीं होते, उन्हें पूरा करने का जज्बा बड़ा होना चाहिए। मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं रहती। बसिया की प्रगति कुमारी ने अपनी सफलता से इसी बात को सच कर दिखाया है।
बसिया अनुमंडल की प्रतिभाशाली बेटी प्रगति कुमारी ने यूजीसी नेट इंग्लिश परीक्षा उत्तीर्ण कर अपने परिवार, शिक्षकों और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रगति कुमारी प्रो. नरेश कुमार एवं स्वर्णलता की पुत्री हैं। उनकी सफलता से परिजनों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। प्रगति ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से पूरी की है।
इससे पूर्व उन्होंने 12वीं की पढ़ाई सेंट जेवियर कॉलेज, रांची से तथा प्रारंभिक शिक्षा विवेकानंद शिशु विद्या मंदिर, बसिया से प्राप्त की। शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं प्रगति ने निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की।
प्रगति ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार के सहयोग तथा विशेष रूप से नाना जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। सफलता की जानकारी मिलने के बाद परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
प्रगति ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। सफलता के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और उचित मार्गदर्शन जरूरी है। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ते रहना चाहिए।
उनकी सफलता पर सालिसिटर जनरल अनिल कुमार, सुनील कुमार, अभय चौधरी, सुरेंद्र पाणिग्राही सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बधाई दी। विवेकानंद शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक अभिमन्यु महतो, शिक्षक रमेश ओहदार एवं नवीन मिश्रा ने भी प्रगति को शुभकामनाएं दी।
