औरंगाबाद के पीयूष ने किया कमाल, यूजीसी नेट-JRF परीक्षा में हासिल किया 99.71 पर्सेंटाइल
औरंगाबाद के पीयूष कुमार ने यूजीसी नेट-जेआरएफ परीक्षा में भूगोल विषय में 99.71 पर्सेंटाइल हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

पीयूष कुमार। (फाइल फोटो)
HighLights
पीयूष कुमार ने यूजीसी नेट-जेआरएफ में 99.71 पर्सेंटाइल हासिल किया।
भूगोल विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जेआरएफ और असिस्टेंट प्रोफेसर बने।
लगातार चौथी बार यूजीसी नेट उत्तीर्ण कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
संवाद सूत्र, अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा प्रखंड के रसोइया गांव निवासी कृष्णा सिंह के पुत्र पीयूष कुमार ने यूजीसी नेट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भूगोल विषय में 300 में से 248 अंक प्राप्त कर उन्होंने 99.71 पर्सेंटाइल हासिल किया है। इसके साथ ही, उन्होंने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है।
पीयूष की उपलब्धि इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है कि उन्होंने लगातार चौथी बार यूजीसी नेट जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा उत्तीर्ण की है। कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उनकी उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। पीयूष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पाटलिपुत्र पब्लिक स्कूल और संत इग्नोसियस विद्यालय से प्राप्त की।
इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से भूगोल में एमए किया। वर्तमान में, वे सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड, रांची के जियोइन्फार्मेटिक्स विभाग में पीएचडी शोधार्थी हैं। उनका शोध आधुनिक कृषि को रिमोट सेंसिंग तकनीक से जोड़ने पर केंद्रित है।
पीयूष ने इसरो, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और आइसीसीआर जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की शोध परियोजनाओं में कार्य किया है।
हाल ही में, उन्हें बीआइटी मेसरा के कंप्यूटर साइंस विभाग की कार्यशाला में विशेष व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया गया था। उनकी सफलता पर क्षेत्र के कई प्रमुख व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
