झारखंड: PLFI के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी सहित चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। उनके ...और पढ़ें

PLFI के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी समेत 4 उग्रवादी गिरफ्तार
HighLights
पीएलएफआई जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी गुमला से गिरफ्तार।
तीन अन्य उग्रवादी भी पुलिस की गिरफ्त में आए।
हथियार, कारतूस और प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए गए।
जागरण संवाददाता, गुमला। गुमला पुलिस को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी उर्फ मोटा उर्फ सुकरा समेत चार उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इनके पास से देसी पिस्तौल, बंदूक, जिंदा कारतूस और संगठन के प्रतिबंधित पर्चे बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बसिया शिव शंकर मराण्डी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। टीम ने कामडारा थाना क्षेत्र के बोंगदा गांव के पास से इन उग्रवादियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार उग्रवादियों में पीएलएफआई का जोनल कमांडर विश्राम कोंगाडी (निवासी-रनिया, खूंटी), अमर सुरीन (निवासी-कामडारा, गुमला), एतवा कोंगाडी उर्फ एतवा मास्टर (निवासी-कामडारा, गुमला) और अर्पित तोपनो उर्फ बेंदा (निवासी-बंदगांव, प. सिंहभूम) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन सभी उग्रवादियों का सिमडेगा और खूंटी समेत कई जिलों में लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने इनके पास से पीएलएफआई संगठन का प्रतिबंधित पर्चा (06), एक देसी पिस्तौल, दो पिस्तौल की मैगजीन, एक देसी बंदूक, एक देसी कट्टा, विभिन्न बोर की 7 गोलियां, एक गोली का खोखा और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
छापामारी दल मे एसडीपीओ बसिया शिव शंकर मराण्डी, बसिया थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, कामडारा थाना प्रभारी आशीष केशरी, कुरकुरा थाना प्रभारी युधिष्ठिर कुमार प्रजापति, बसिया थाना के सलिल कुमार के अलावा सशस्त्र बल और गुमला की नक्सल क्यूआरटी टीम शामिल थी।
एसपी ने कहा कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों, लेवी वसूली और धमकियों पर लगाम कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों की सुरक्षा और विकास कार्यों को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
