सिमडेगा में नाबालिग का अपहरण कर निकाह कराने की साजिश, पोक्सो एक्ट में मां-बेटे समेत 3 गिरफ्तार
नाबालिग के अपहरण और निकाह कराने के आरोप में सिमडेगा पुलिस ने मां-बेटे समेत तीन को गिरफ्तार किया है। इन ...और पढ़ें

मां-बेटे समेत 3 गिरफ्तार
HighLights
नाबालिग के अपहरण और निकाह का आरोप।
मां-बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट।
सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर भेजा जेल।
संवाद सहयोगी, सिमडेगा। नाबालिग के अपहरण और निकाह कराने के आरोप में पुलिस ने मां-बेटे समेत तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है। इन गिरफ्तार आरोपित में फिरोज खान उर्फ कोटन खान, उसका बड़ा भाई नौशान खान उर्फ नीरा खान और मां सायरा खातून शामिल हैं। ये तीनों गुमला जिले के गोसनगर के निवासी हैं।
पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की है। तीनों आरोपित को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद धमकी देने का आरोप
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि सिमडेगा थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता ने 11 अक्टूबर को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि फिरोज खान की मां सायरा खातून ने उनकी नाबालिग बेटी के विवाह का प्रस्ताव रखा था।
बेटी की कम उम्र होने के कारण स्वजन ने प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया। आरोप है कि इसके बाद फिरोज के बड़े भाई नौशान खान और उसकी मां ने फोन कर पीड़िता के पिता को धमकी दी।
चार अक्टूबर से लापता थी नाबालिग
शिकायत के मुताबिक 4 अक्टूबर को नाबालिग अचानक लापता हो गई। स्वजन ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान नौशान खान ने फोन कर कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई और मां के साथ नाबालिग को ले गया है और उसका निकाह कराने की बात कही। जिसके बाद उन्होनें नाबालिग को वापस लाने का आग्रह किया, लेकिन उसे वापस नहीं लाया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना कांड संख्या 132/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 व 8 के तहत अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
