विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेतरहाट घूमने जाने वालों के लिए खुशखबरी, रास्ते में मिलेगा आराम और खाने-पीने का इंतजाम; गुमला में चिह्नित हुई जमीन

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:20 AM (IST)

गुमला जिला प्रशासन ने नेतरहाट आने वाले पर्यटकों के लिए चटकपुर चौक पर वेसाइड एमेनिटी बनाने की योजना बनाई है। ...और पढ़ें

चटकपुर चौक पर बनेगा वेसाइड एमेनिटी।

चटकपुर चौक पर बनेगा वेसाइड एमेनिटी।

HighLights

  1. चटकपुर चौक पर बनेगा वेसाइड एमेनिटी।

  2. पर्यटकों को मिलेगा रेस्टोरेंट, रेस्ट हाउस, शौचालय।

संतोष कुमार, गुमला। पहाड़ों की रानी नेतरहाट की खूबसूरती देखने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए एक अच्छी खबर है। अब नेतरहाट की लंबी और खूबसूरत यात्रा के बीच विश्राम, खानपान और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी आड़े नहीं आएगी।

गुमला जिला प्रशासन ने पर्यटकों की इस परेशानी को दूर करने के लिए चटकपुर चौक के समीप वेसाइड एमेनिटी विकसित करने की योजना तैयार की है। नेतरहाट से करीब 23 किलोमीटर पहले राजकीय राजमार्ग के किनारे इसका निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए 80 डिसमिल सरकारी जमीन चिह्नित कर पर्यटन विभाग को प्रतिवेदन भेजा गया है।

रांची और अन्य शहरों व राज्यों से घाघरा-बिशुनपुर के रास्ते नेतरहाट पहुंचने वाले पर्यटकों को लंबा सफर तय करना पड़ता है। रास्ते में पांच पांडव पहाड़ और कोयल नदी का प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन इस दौरान व्यवस्थित विश्राम गृह, रेस्टोरेंट और अन्य जरूरी सुविधाओं का अभाव महसूस होता है। परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले पर्यटकों को विशेष परेशानी होती है।

कई बार खानपान और विश्राम के लिए उचित स्थान नहीं मिल पाता है। वेसाइड एमेनिटी में पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कई सुविधाएं विकसित करने की योजना है। जैसे रेस्टोरेंट एवं ढ़ाबा , रेस्ट हाउस, चाय-नाश्ते के स्टाल, शौचालय , पार्किंग आदि शामिल है।

नेतरहाट में पर्यटन सीजन और विशेष अवसरों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में चटकपुर चौक के पास वेसाइड एमेनिटी विकसित होने से पर्यटकों को रास्ते में ही जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे न केवल नेतरहाट की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। स्थानीय लोगों को दुकान, खानपान और अन्य सेवाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर अपर समाहर्ता ने स्थल के लिए 70 से 80 डिसमिल सरकारी जमीन चिह्नित कर पर्यटन विभाग को प्रतिवेदन भेज दिया है। अब विभागीय स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का इंतजार है। योजना धरातल पर उतरती है तो नेतरहाट जाने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही गुमला जिले के पर्यटन मानचित्र पर चटकपुर को भी नई पहचान मिल सकती है।

क्या कहते हैं अधिकारी?

पर्यटन विभाग की ओर से वेसाइड एमेनिटी के निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए 70 से 80 डिसमिल सरकारी भूमि चिह्नित कर प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है। अब पर्यटन विभाग की ओर से आगे की विभागीय प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद योजना के क्रियान्वयन की दिशा में पहल होगी।

-दिलेश्वर महतो, उपायुक्त गुमला। 

यह भी पढ़ें- खेती की लागत कम करने और मिट्टी को उपजाऊ बनाए रखने के लिए अपनाएं ये तरीके, गुमला में 3000 किसानों को मिला प्रशिक्षण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।