नौकरी दिलाने के बहाने गुमला की आदिवासी किशोरी को राजस्थान ले गए, 20 हजार में बेचकर कराई जबरन शादी
गुमला की एक 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को नौकरी के बहाने दिल्ली ले जाकर राजस्थान में 20 हजार रुपये में ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
नौकरी का झांसा देकर 15 वर्षीय किशोरी को दिल्ली ले जाने का आरोप।
राजस्थान में 45 वर्षीय व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में बेचने का आरोप।
संवाद सहयोगी, गुमला। गुमला जिले की एक 15 वर्षीय आदिवासी किशोरी को जुलाई माह में काम दिलाने के बहाने दूसरे राज्य ले जाकर 45 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में बेचने और जबरन शादी कराने का मामला सामने आया है। किसी तरह आरोपित के चंगुल से भागकर किशोरी शुक्रवार को अपने घर पहुंची और स्वजन को आपबीती सुनाई।
इस संबंध में पीड़िता के पिता ने बिशुनपुर थाना में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के पिता के बताया कि जुलाई माह में बिशुनपुर प्रखंड के बिरीटोली निवासी जतरी उरांव अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनकी बेटी को दिल्ली ले गई थी। वहां उसे मानव तस्कर सुनीता लोहरा के घर पर छोड़ दिया गया। इसके बाद किशोरी को दिल्ली के एक चौल में काम पर लगा दिया गया।
आरोप है कि सितंबर माह में सुनीता लोहरा उसे राजस्थान ले गई, जहां 45 वर्षीय एक व्यक्ति के हाथों 20 हजार रुपये में बेच दिया गया। पिता के अनुसार उक्त व्यक्ति ने अपने घर में ही किशोरी से जबरन शादी कर ली। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
किशोरी ने आरोप लगाया कि अधेड़ व्यक्ति उसके साथ लगातार यौन शोषण करता था। इधर करीब एक सप्ताह पूर्व रात में मौका पाकर किशोरी घर से दो हजार रुपये लेकर फरार हो गई। वहां से बस के जरिए दिल्ली पहुंची और फिर ट्रेन से रांची आई। इसके बाद गुमला पहुंचकर शुक्रवार को अपने गांव लौटी। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और बिशुनपुर थाना में आवेदन सौप कर कार्रवाई का मांग की है।
इस संबंध में बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन कुमार यादव ने कहा कि थाना में इस मामले में आवेदन आया है आवेदन में कुछ त्रुटियां थी, जिसे स्वजन के द्वारा सुधार कराने को कहा गया है। मामला दर्ज किया जाएगा व जांच कर आगे की कार्रवाई किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।