गुमला को मिलेगी 9 करोड़ के मॉडल नगर भवन की सौगात, 2000 लोगों के बैठने की होगी व्यवस्था
गुमला में नौ करोड़ की लागत से अत्याधुनिक मॉडल नगर भवन का निर्माण होगा, जिसमें 2000 लोग बैठ सकेंगे। यह भवन पर्यटन भवन के पीछे डेढ़ एकड़ जमीन पर बनेगा और सामाजिक, सांस्कृतिक व शैक्षणिक आयोजनों के लिए सुविधाएँ प्रदान करेगा।

पर्यटन भवन के पीछे डेढ़ एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक नगर भवन। जागरण
HighLights
पर्यटन भवन के पीछे डेढ़ एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक नगर भवन।
नौ करोड़ की लागत से होगा निर्माण, 2000 लोगों की क्षमता।
संवाद सहयोगी, गुमला। शहरवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए जल्द ही अत्याधुनिक नगर भवन की सौगात मिलने वाली है। नगर परिषद की ओर से शहर के पर्यटन भवन के पीछे करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर नौ करोड़ रुपये की लागत से मॉडल नगर भवन का निर्माण कराया जाएगा।
नगर परिषद ने निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर विस्तृत रिपोर्ट विभाग को भेज दी है। विभागीय स्तर पर प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रस्तावित नगर भवन में करीब 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पूरा हाल वातानुकूलित रहेगा।
इसके अलावा भवन में अत्याधुनिक साउंड प्रूफ सिस्टम और बड़े प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों के लिए आरामदायक कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी। वहीं वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग जोन, आधुनिक शौचालय और शुद्ध पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लोगों को एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
गौरतलब है कि वर्तमान में शहर में संचालित पुराना टाउन हाल जर्जर होता जा रहा है। बढ़ती आबादी और शहर की जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक नगर भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने मॉडल नगर भवन बनाने की योजना तैयार की है।
नए नगर भवन का उपयोग बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में किया जा सकेगा। इसके अलावा भवन को विभिन्न आयोजनों के लिए किराये पर भी दिया जाएगा। इससे नगर परिषद को नियमित आय का स्रोत मिलेगा। वहीं शहरवासियों को बड़े आयोजनों के लिए बेहतर और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।
नए मॉडल नगर भवन के लिए पर्यटन भवन के पीछे डेढ़ एकड़ में जमीन चिन्हित किया गया है। जिसका विस्तृत रिपोर्ट विभाग को भेज दिया गया है। यह भवन तैयार होने पर यहां के लोगों को इसकी काफी सुविधा मिलेगा।
- मनीष कुमार, ईओ नगर परिषद गुमला।
यह भी पढ़ें- 500 छात्राओं का भविष्य भगवान भरोसे! गुमला विमेंस कॉलेज में 10 से ज्यादा विषय, पढ़ाने वाला एक भी शिक्षक नहीं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।