विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला की काली सड़क हो रही है लाल, जनवरी से अब तक 229 लोगों ने सड़क हादसा में गंवाई जान

Published: Sun, 29 Nov 2026 05:04 PM (GMT+05:30)

गुमला जिले में जनवरी से अब तक सड़क हादसों में 229 लोगों की जान गई है, जिनमें 18 से 30 वर्ष के करीब 150 युवा शामिल हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और हेलमेट न पहनने जैसे कारणों से हो रही इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

AI द्वारा बनाई गई तस्वीर।

HighLights

  1. गुमला में जनवरी से अब तक 229 लोगों की मौत।

  2. मृतकों में 18-30 वर्ष के 150 युवा शामिल हैं।

संवाद सहयोगी, गुमला। गुमला जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले की सड़कें लगातार दुर्घटनाओं के कारण खून से लाल हो रही हैं। जनवरी से अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 229 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 137 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

इन दुर्घटनाओं ने कई परिवारों को जीवनभर का दर्द दिया है। किसी घर का बेटा, किसी का भाई तो किसी परिवार का कमाऊ सदस्य सड़क हादसों का शिकार होकर जान गंवाई है। आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें गुमला थाना क्षेत्र में हुई हैं। यहां अब तक 51 लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं घाघरा थाना क्षेत्र में 31, पालकोट में 21, भरनो में 18, सिसई और बसिया में 17-17, रायडीह में 13, विशुनपुर में 9, डुमरी में 7, चैनपुर में 6, सुरसांग में 5, कामडारा और पुसो में 4-4, कुरकुरा में 3, गुरदारी, जारी और कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में 2-2 लोगों की मौत हुई है। जबकि करंज थाना क्षेत्र में अब तक सड़क दुर्घटना में किसी की मौत दर्ज नहीं हुई है।

चिंता की बात यह है कि सड़क हादसों में मरने वालों में सबसे अधिक युवा शामिल हैं। जिसमें करीब 150 युवाओं की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच है। इनमें बड़ी संख्या बाइक सवारों की बताई जा रही है। अक्सर तेज रफ्तार, लापरवाही, बिना हेलमेट बाइक चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बनती है।

यदि बाइक चालक हेलमेट का नियमित उपयोग करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें तो कई जानें बचाई जा सकती हैं। वहीं पिछले वर्ष 2025 में जनवरी से दिसंबर तक जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 248 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 107 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

सड़क हादसा में नियंत्रण करने के लिए विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है और लोगों को जागरूक कर रहा है। वहीं यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वालों से जुर्माना भी वसूला जा रहा है एवं चेतावनी भी दिया गया है। विभाग के द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

- सत्येंद्र महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी, गुमला। 

यह भी पढ़ें- धान के पुआल से मशरूम उगाएंगी गुमला की महिलाएं, कम लागत में बंपर कमाई का जरिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।